बाड़मेर में नशा तस्करों को पकड़ने गई DST टीम पर फायरिंग, फुटेज में देंखे कॉन्स्टेबल के हाथ में लगे छर्रे; कार से फरार हुए बदमाश
राजस्थान के बाड़मेर में नशा तस्करों को पकड़ने गई जिला विशेष टीम (DST) पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर दो राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान गोली के छर्रे लगने से एक कॉन्स्टेबल घायल हो गया। पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हरियाणा नंबर की कार में सवार होकर फरार हो गए। घटना गुरुवार शाम करीब 5:45 बजे रीको थाना क्षेत्र में उतरलाई ओवरब्रिज के पास हुई।
गैरेज पर कार रिपेयर करवाने पहुंचे थे तस्कर
रीको थानाधिकारी पदमाराम ने बताया कि DST टीम को सूचना मिली थी कि नशा तस्कर अशोक लेघा उतरलाई ओवरब्रिज के पास स्थित नवीन गैरेज पर आया हुआ है। सूचना मिलने पर बदमाशों को पकड़ने के लिए DST कॉन्स्टेबल हरलाल और शंभूराम मौके पर पहुंचे।बताया गया कि बदमाश गैरेज पर अपनी कार की मरम्मत करवाने के लिए आए थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए।
पुलिस को देखते ही पैरों की तरफ चलाई गोली
पुलिस के अनुसार, पुलिसकर्मियों को देखते ही साजटा निवासी करण ने उनके पैरों की तरफ फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी अशोक लेघा ने अपने साथी से बंदूक लेकर दोबारा फायरिंग कर दी।इस फायरिंग में गोली के छर्रे कॉन्स्टेबल हरलाल के हाथ में बाजू की तरफ लगे, जिससे वह घायल हो गया।
हरियाणा नंबर की कार से भागे आरोपी
फायरिंग के बाद बदमाश पुलिस की पकड़ से बचकर हरियाणा नंबर की कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी करवाई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने घायल कॉन्स्टेबल को उपचार के लिए पहुंचाया। वहीं, फरार नशा तस्करों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में उनकी तलाश कर रही है।

