जयपुर में आपसी रंजिश में युवक पर फायरिंग, फुटेज में देंखे थार सवार बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़ी पिकअप और बाइक में की तोड़फोड़
जयपुर में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। थार जीप में सवार होकर आए बदमाशों ने पहले दुकान के बाहर खड़ी दो पिकअप गाड़ियों और एक बाइक में तोड़फोड़ की। इसके बाद दुकान पर काम करने वाले युवक को गाली-गलौच कर बाहर बुलाया और उस पर गोली चला दी। युवक ने तुरंत दुकान का गेट बंद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावरों ने दो और फायर किए और मौके से फरार हो गए।घटना नारायण विहार थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों में शामिल एक युवक को वर्ष 2021 में नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद से ही उसके और दुकान पर काम करने वाले युवक के बीच विवाद चल रहा था। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है।
पहले दुकान के बाहर खड़ी गाड़ियों में की तोड़फोड़
पुलिस ने बताया कि नारायण विहार में हरिओम धर्मकांटा के पास निरंकार बजरी सप्लायर नाम से दुकान है। यहां महेन्द्र और सचिन नाम के युवक काम करते थे। वर्ष 2021 में सचिन को नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद से सचिन और महेन्द्र के बीच रंजिश हो गई थी।इसी विवाद के चलते सोमवार रात करीब 12 बजे सचिन दुकान पर पहुंचा। उस समय दुकान के बाहर दो पिकअप गाड़ियां और एक बाइक खड़ी थी। सचिन ने तीनों वाहनों में तोड़फोड़ की और वहां से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल हो गया।
तड़के साढ़े 3 बजे साथियों के साथ पहुंचा हमलावर
बताया जा रहा है कि सोमवार रात की घटना के बाद मंगलवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे सचिन दोबारा थार जीप में अपने दो-तीन साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि बदमाशों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौच शुरू कर दी और महेन्द्र को बाहर बुलाया।आवाज सुनकर महेन्द्र बाहर आया तो हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने के बाद महेन्द्र ने तुरंत दुकान के अंदर जाकर गेट बंद कर लिया। इसके बावजूद बदमाशों ने दो और फायर किए। इसके बाद सभी आरोपी थार जीप में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने करवाई नाकाबंदी, आरोपियों की तलाश जारी
फायरिंग की सूचना मिलने पर नारायण विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। हालांकि, शुरुआती कार्रवाई के दौरान हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सामने आए वीडियो के आधार पर भी जांच कर सकती है। फिलहाल शुरुआती जांच में वारदात की वजह नौकरी से निकाले जाने के बाद शुरू हुई पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

