जयपुर के विला में तड़के लगी आग, फुटेज में देंखे दंपती और दो बेटियां झुलसे; 6 साल का बेटा सुरक्षित बचा
जयपुर के नारायण विहार इलाके में बुधवार तड़के एक विला में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक दंपती और उनकी दो बेटियां झुलस गईं, जबकि 6 साल के बेटे को सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 5 बजे मांग्यावास स्थित कीर्ति नगर के एक विला में हुआ। यहां नीरज अपनी पत्नी गौरी, दो बेटियों और 6 साल के बेटे के साथ रहते हैं। दोनों बेटियों की उम्र करीब 10 से 12 साल बताई गई है।
कमरे में लगी आग बिस्तरों तक पहुंची
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार विला की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था, जबकि नीरज के दादा निचली मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान ऊपरी मंजिल के एक कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग बिस्तरों तक पहुंच गई और कमरे में धुआं फैलने लगा।
आग देखकर दंपती ने उसे बुझाने की कोशिश की। इस दौरान लपटों की चपेट में आने से नीरज, उनकी पत्नी गौरी और दोनों बेटियों के चेहरे झुलस गए। परिवार का 6 साल का बेटा आग की चपेट में आने से बच गया।
स्थानीय लोगों ने समय रहते निकाला बाहर
विला में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे में झुलसे लोगों के चेहरे पर आग से चोटें आई हैं, जबकि शरीर सुरक्षित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। समय रहते परिवार को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ी जनहानि टल गई। आशंका जताई जा रही है कि आग कुछ देर और फैलती तो हादसा गंभीर हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल परिवार के झुलसे सदस्यों का अस्पताल में इलाज जारी है।

