Samachar Nama
×

जयपुर में भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ FIR, फुटेज में देंखे जज के घर पहुंचकर धमकाने और अभद्र भाषा बोलने का आरोप

जयपुर में भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ FIR, फुटेज में देंखे जज के घर पहुंचकर धमकाने और अभद्र भाषा बोलने का आरोप

जयपुर के हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। विधायक के खिलाफ बुधवार को गलतागेट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर एक न्यायिक अधिकारी के मकान के बाहर पहुंचकर अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, विधायक ने कथित तौर पर मकान बेचकर क्षेत्र से बाहर चले जाने की बात कही थी। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ईदगाह स्थित वन विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद याकूब खान ने विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ शिकायत दी है। याकूब खान ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह राजस्थान हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। उनके ताऊजी के बेटे मोहम्मद आरिफ सेशन जज कैडर के न्यायिक अधिकारी हैं और वर्तमान में जयपुर से बाहर पदस्थापित हैं।

10 दिसंबर को समर्थकों के साथ घर पहुंचे थे विधायक

शिकायत में बताया गया कि मोहम्मद आरिफ ने 31 जुलाई 2025 को जयपुर के बास बदनपुरा स्थित मीणा कॉलोनी में एक मकान खरीदा था। आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 11:30 बजे विधायक बालमुकुंद आचार्य अपने समर्थकों के साथ न्यायिक अधिकारी के मकान के बाहर पहुंच गए।याकूब खान के अनुसार, इस दौरान विधायक ने मकान मालिक को वहां से पलायन करने और मकान बेचकर क्षेत्र छोड़ने की बात कही। आरोप है कि विधायक ने बातचीत के दौरान अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायतकर्ता का दावा है कि विधायक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनवाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

शिकायतकर्ता ने विधायक के कथित व्यवहार को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर गलतागेट थाना पुलिस ने बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।फिलहाल, मामले में विधायक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this story

Tags