जयपुर में सरकारी अधिकारी पर जानलेवा हमला, फुटेज में देंखे 6 नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-सरियों से पीटा; एक गिरफ्तार
जयपुर के नारायण विहार थाना क्षेत्र में सरकारी अधिकारी पर लाठी-डंडों और सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात में दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह नकाबपोश बदमाश शामिल थे। पुलिस ने सैकड़ों CCTV फुटेज, BTS डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, मा मले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कॉलोनी में टहल रहे थे अधिकारी
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 18 सितंबर की रात परिवादी मदन यादव करीब 8 बजे अपने घर के बाहर कॉलोनी में टहल रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह नकाबपोश युवक वहां पहुंचे।आरोप है कि बदमाशों ने मदन यादव को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा सरियों से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की।
सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों की पहचान करना थी, क्योंकि वारदात को अंजाम देने वाले सभी बदमाशों ने कथित तौर पर चेहरे ढक रखे थे। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।इसके साथ ही पुलिस ने BTS डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया। संदिग्धों की गतिविधियों और घटनास्थल के आसपास उनकी मौजूदगी से जुड़े तकनीकी इनपुट को जोड़कर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान की।इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ के आधार पर अब पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बाकी आरोपियों और बाइक की तलाश
पुलिस के मुताबिक, हमले में कुल छह नकाबपोश बदमाश शामिल थे। इनमें से एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है, जबकि पांच अन्य की तलाश की जा रही है।पुलिस वारदात में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों का भी पता लगाने में जुटी है। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों के आने और वारदात के बाद भागने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सरकारी अधिकारी पर हमला करने के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था और क्या इस हमले की पहले से योजना बनाई गई थी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

