नागौर में ठेकेदार पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने लाठी-हॉकी से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, घटना CCTV में कैद
राजस्थान के नागौर जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां नेशनल हाईवे-62 पर एक ठेकेदार को बदमाशों ने लाठी और हॉकी से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक ठेकेदार पर बेरहमी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 6 बजे टांकला टोल के पास हुई। पीड़ित ठेकेदार की पहचान बीकानेर निवासी हेतराम के रूप में हुई है। हेतराम सेंड स्टोन रॉयल्टी का ठेका संभालते हैं।
स्कॉर्पियो और कैंपर से पीछा कर मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि हेतराम अपनी क्रेटा कार से जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो और कैंपर में सवार कुछ बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।आरोप है कि बदमाशों ने अपनी गाड़ियों से क्रेटा कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ के पास जाकर रुक गई।इसके बाद दोनों वाहनों में सवार बदमाशों ने कार को घेर लिया और लाठियों से हमला शुरू कर दिया।
कार से निकालकर की मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कार चला रहे हेतराम को बाहर निकाला और उन पर लाठी व हॉकी से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावरों ने उन्हें काफी देर तक पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के दौरान हेतराम के साथ कार में एक अन्य युवक भी मौजूद था। बदमाशों को देखकर वह मौके से भाग निकला।हमले के बाद आरोपी जोधपुर की ओर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल हेतराम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में कुछ युवक हाथों में हॉकी और लाठियां लेकर ठेकेदार की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं।पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और हमलावरों के बीच पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद की भी जांच की जा रही है।
हाईवे पर दिनदहाड़े वारदात से दहशत
नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह हमला होना चिंता की बात है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में शिकायत और उपलब्ध सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

