Samachar Nama
×

जयपुर में नकली खाद की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1000 से ज्यादा कट्टे जब्त; गुजरात, MP और ओडिशा तक सप्लाई का आरोप

जयपुर में नकली खाद की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1000 से ज्यादा कट्टे जब्त; वीडियो में जाने गुजरात, MP और ओडिशा तक सप्लाई का आरोप

जयपुर पुलिस ने किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले कथित नकली खाद कारोबार का खुलासा किया है। DST वेस्ट टीम ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे दौलतपुरा इलाके में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर एक हजार से ज्यादा नकली खाद के कट्टे बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इन कट्टों पर अलग-अलग कंपनियों और ब्रांड के नाम अंकित थे। मामले में फैक्ट्री संचालक सुनील शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

एडिशनल DCP वेस्ट राजेश गुप्ता ने बताया कि जयपुर में ही नकली खाद तैयार करने के लिए कच्चा माल तैयार किया जाता था। इसके बाद अलग-अलग ब्रांड के नाम से खाद के कट्टे तैयार कर उन्हें दूसरे राज्यों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। शुरुआती जांच में गुजरात, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत अन्य राज्यों तक इसकी सप्लाई होने की जानकारी मिली है।

दौलतपुरा में फैक्ट्री पर छापा

पुलिस की DST वेस्ट टीम को नकली खाद के कारोबार की जानकारी मिलने के बादफैक्ट्री पर निगरानी रखी जा रही थी। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे टीम ने दौलतपुरा इलाके में स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर में बड़ी संख्या में खाद के कट्टे मिले।पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए कट्टे अलग-अलग ब्रांड के बताए जा रहे हैं। इन पर विभिन्न कंपनियों और ब्रांड के नाम अंकित थे। पुलिस ने एक हजार से अधिक कट्टों को जब्त कर लिया है। अब इन खाद के नमूनों की जांच कराई जाएगी, जिससे यह पता चल सके कि इनमें कौन-कौन से पदार्थ मिलाए गए थे और ये निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

दो पार्टनर मिलकर चला रहे थे फैक्ट्री

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री का संचालन दो पार्टनर मिलकर कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक सुनील शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब दूसरे पार्टनर की भूमिका और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि नकली खाद तैयार करने के लिए कच्चा माल कहां से लाया जाता था और तैयार माल की सप्लाई किन-किन डीलरों या कारोबारियों के जरिए की जाती थी। इसके अलावा अलग-अलग ब्रांड के नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।

कई राज्यों तक सप्लाई का आरोप

पुलिस के अनुसार, नकली खाद को केवल जयपुर या राजस्थान तक सीमित नहीं रखा गया था। इसे गुजरात, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन का पता लगाने में जुटी है।किसानों को असली खाद के नाम पर नकली उत्पाद बेचने से फसल और उत्पादन पर असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फैक्ट्री से बरामद सामग्री को जब्त किया है। पुलिस की जांच और खाद के नमूनों की रिपोर्ट के बाद ही नकली खाद की गुणवत्ता और इसमें इस्तेमाल सामग्री से जुड़ी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Share this story

Tags