शराब कारोबारी अशोक चांडक के ठिकानों पर ED की छापेमारी, वीडियो में जाने श्रीगंगानगर और जयपुर में कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी
राजस्थान भाजपा नेता और शराब कारोबारी अशोक चांडक के ठिकानों पर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। ईडी की टीमें सुबह करीब 5 बजे श्रीगंगानगर और जयपुर स्थित उनके कई ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, ईडी की कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग या आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े किसी मामले को लेकर की जा रही है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
श्रीगंगानगर में कई ठिकानों पर पहुंचीं टीमें
जानकारी के मुताबिक, ईडी की कई टीमों ने श्रीगंगानगर में एक साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। अलग-अलग टीमें अशोक चांडक से जुड़े प्रतिष्ठानों और कार्यालयों में जांच कर रही हैं।ईडी की टीम शिवा वाइन और चंद्रकला चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यालयों पर भी पहुंची। इसके अलावा शहर के निकुंज विहार और जवाहर नगर इलाके में रहने वाले उनके रिश्तेदारों के यहां भी जांच की जा रही है।जांच एजेंसी की टीमें कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं।
जयपुर में भी रिश्तेदारों के घरों पर जांच
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने जयपुर के वैशाली नगर इलाके में भी अशोक चांडक के रिश्तेदारों के घरों पर छापेमारी की है। यहां भी कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।ईडी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा सकती है।
2018 में कांग्रेस टिकट पर लड़ा था चुनाव
अशोक चांडक राजस्थान की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने साल 2018 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। बाद में वे भाजपा से जुड़े।उनका परिवार श्रीगंगानगर की राजनीति में भी सक्रिय रहा है। उनकी पत्नी और भाई श्रीगंगानगर नगर परिषद के चेयरमैन रह चुके हैं।
रोहित गोदारा गैंग से विवाद को लेकर भी आए थे चर्चा में
चांडक परिवार जून 2025 में भी सुर्खियों में आया था। उस समय अशोक चांडक ने रोहित गोदारा गैंग के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।उन्होंने आरोप लगाया था कि गैंग की ओर से उनसे 30 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले के बाद उनकी सुरक्षा और कारोबारी गतिविधियां चर्चा में आई थीं।
दस्तावेजों की जांच में जुटी ED
फिलहाल ईडी की टीमें कई स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।ईडी की इस कार्रवाई के बाद राजस्थान के राजनीतिक और कारोबारी गलियारों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जांच किस विशेष मामले को लेकर की जा रही है।

