जयपुर में 2 करोड़ के हीरे-जवाहरात चोरी, फुटेज में देंखे गुजरात की महिला गिरफ्तार; रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
डीएसपी नॉर्थ करण शर्मा के अनुसार, एक ज्वेलरी कारोबारी ने 15 अक्टूबर को माणक चौक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ज्वेलरी का कारोबार करते हैं। कारोबार के सिलसिले में उन्हें अलग-अलग व्यापारियों को आभूषणों के सैंपल दिखाने और माल की खरीद-बिक्री के लिए यात्रा करनी पड़ती है।शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह ई-रिक्शा से सांगानेर गेट की तरफ जा रहे थे। उनके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे। इन पैकेटों में अलग-अलग व्यापारियों के पन्ना, माणक, डायमंड सहित अन्य कीमती हीरे-जवाहरात रखे हुए थे।इसी दौरान रास्ते में पैकेट चोरी हो गए। चोरी हुए हीरे-जवाहरात की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई। घटना के बाद कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
कर्मचारी की रेकी के बाद की वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने वारदात को अंजाम देने से पहले कर्मचारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। रेकी करने के बाद उसने मौका देखकर हीरे-जवाहरात के पैकेट चोरी कर लिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए माणक चौक थाना पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस ने गुजरात निवासी आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किए गए हीरे-जवाहरात भी बरामद कर लिए गए हैं।
अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ जारी
पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने इस वारदात को अकेले अंजाम दिया या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। इसके अलावा पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल रही है या नहीं।जयपुर के ज्वेलरी कारोबार से जुड़े इस मामले में बड़ी कीमत के कीमती पत्थरों की चोरी और उनकी बरामदगी पुलिस के लिए अहम रही है। पुलिस की पूछताछ पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकता है।

