Samachar Nama
×

सांवरिया सेठ को भक्त ने चढ़ाया 21 ग्राम सोने का दिल, वीडियो में जाने कीमत 3 लाख रुपए से ज्यादा; सफल ऑपरेशन के बाद पूरी की मन्नत

सांवरिया सेठ को भक्त ने चढ़ाया 21 ग्राम सोने का दिल, वीडियो में जाने कीमत 3 लाख रुपए से ज्यादा; सफल ऑपरेशन के बाद पूरी की मन्नत

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवरिया सेठ मंदिर में एक श्रद्धालु ने भगवान को सोने का दिल भेंट किया है। 21 ग्राम सोने से तैयार इस अनोखी भेंट की कीमत 3 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। श्रद्धालु हृदय रोग से पीड़ित था और उसने भगवान सांवरिया सेठ से अच्छे इलाज तथा ऑपरेशन सफल होने की कामना की थी। ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने पर वह अपनी मन्नत पूरी करने मंदिर पहुंचा और सोने का दिल अर्पित किया।मंदिर मंडल के गजेंद्र गौड़ ने बताया कि जालोर से आए एक श्रद्धालु ने भेंट कक्ष में सोने का दिल जमा करवाया है। भक्त ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई जाने वाली इस तरह की अनोखी भेंट लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाती है।

ऑपरेशन सफल होने पर भगवान को चढ़ाया सोने का दिल

बताया गया कि श्रद्धालु हार्ट की बीमारी से जूझ रहा था। बीमारी के दौरान उसने सांवरिया सेठ से सही इलाज मिलने और ऑपरेशन सफल होने की प्रार्थना की थी। स्वास्थ्य में सुधार होने और ऑपरेशन सफल रहने के बाद श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी करने सांवरियाजी पहुंचा। यहां उसने 21 ग्राम सोने से बना दिल भगवान को भेंट किया।

मन्नत पूरी होने पर अलग-अलग तरह की भेंट चढ़ाते हैं भक्त

कृष्णधाम सांवरियाजी में श्रद्धालुओं की आस्था कई रूपों में देखने को मिलती है। भक्त अपनी मनोकामना पूरी होने पर भगवान को अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार अलग-अलग चीजें अर्पित करते हैं। कोई व्यापार में सफलता मिलने पर धन्यवाद देने पहुंचता है तो कोई नौकरी लगने, शादी होने या परिवार में खुशियां आने पर भेंट चढ़ाता है।

पहले चांदी का दिल और ट्यूबवेल भी किया था भेंट

इससे पहले 20 मई 2026 को सांवरियाजी निवासी बालमुकुंद तिवारी ने भगवान को चांदी का दिल भेंट किया था। उन्होंने परिवार के सदस्य की हार्ट बायपास सर्जरी सफल होने की मन्नत मांगी थी। मनोकामना पूरी होने के बाद वह परिवार के साथ नाचते-गाते सांवरिया सेठ के दरबार पहुंचे थे।इस दौरान परिवार ने शोभायात्रा भी निकाली और मंदिर में चांदी का दिल तथा चांदी से बना ट्यूबवेल अर्पित किया था। अब जालोर के श्रद्धालु की ओर से सोने का दिल भेंट किए जाने की चर्चा हो रही है।

Share this story

Tags