Samachar Nama
×

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग तेज, वीडियो में जाने जयपुर में 24 घंटे से पानी की टंकी पर चढ़े तीन छात्र; टोंक रोड जाम की चेतावनी

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग तेज, वीडियो में जाने जयपुर में 24 घंटे से पानी की टंकी पर चढ़े तीन छात्र; टोंक रोड जाम की चेतावनी

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर युवाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी जयपुर में छात्र नेताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। टोंक फाटक पुलिया (गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास) स्थित पानी की टंकी पर तीन छात्र पिछले 24 घंटे से अधिक समय से चढ़े हुए हैं।टंकी पर चढ़े छात्रों का कहना है कि अभी तक शासन-प्रशासन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो वे प्रदेशभर के युवाओं के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

छात्र नेताओं ने दी टोंक रोड जाम करने की चेतावनी

पानी की टंकी पर चढ़े छात्रों में राजस्थान विश्वविद्यालय के NSUI प्रभारी विजयपाल कुड़ी, उपाध्यक्ष कोशेन खान और सदस्य वियोना जाट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और इन्हें दोबारा शुरू किया जाना चाहिए।छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्याननहीं दिया तो वे प्रदेशभर के छात्रों को साथ लेकर टोंक रोड जाम करेंगे। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत पद या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और प्रतिनिधित्व की बहाली के लिए किया जा रहा है।

'लाखों छात्रों के अधिकारों की लड़ाई'

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव बंद होने से प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को अपनी आवाज उठाने के लिए लोकतांत्रिक मंच नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम होते हैं।छात्रों ने कहा कि लगातार बढ़ती परेशानियों और प्रशासन की अनदेखी के बावजूद वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उनका कहना है कि जब तक सरकार छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक विरोध जारी रहेगा।

प्रशासन की नजर आंदोलन पर

छात्रों के टंकी पर चढ़ने की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, छात्रों के साथ बातचीत को लेकर अभी तक किसी बड़े अधिकारी के पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है।राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में है। युवाओं का एक वर्ग इसे छात्र राजनीति और लोकतांत्रिक भागीदारी से जोड़ रहा है, जबकि सरकार की ओर से इस संबंध में अंतिम निर्णय का इंतजार है।फिलहाल जयपुर में चल रहा यह प्रदर्शन प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और छात्र नेताओं के बीच बातचीत कब शुरू होती है और आंदोलन को लेकर क्या समाधान निकलता है।

Share this story

Tags