जयपुर की होटल में दिल्ली की युवती से देहशोषण, शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपए ठगे; मेरठ से आरोपी गिरफ्तार
राजधानी जयपुर की एक होटल में दिल्ली की युवती से देहशोषण करने और शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने मैट्रिमोनी ऐप के जरिए युवती से संपर्क किया और खुद को इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी बताकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद शादी का भरोसा दिलाकर युवती से कथित तौर पर बड़ी रकम ऐंठ ली। मामले में विधायकपुरी थाना पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को बताया इनकम टैक्स अधिकारी
डीसीपी साउथ राजर्षिराज के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सरस्वती सागर के रूप में हुई है। वह मेरठ के भावनपुर क्षेत्र के गंगानगर का रहने वाला बताया गया है। आरोप है कि आरोपी ने मैट्रिमोनी ऐप पर युवती से संपर्क किया और खुद को इनकम टैक्स विभाग में अधिकारी बताकर उसका विश्वास जीता।
युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाकर उसे अपनी बातों में फंसा लिया। इसी दौरान उसने युवती का कथित तौर पर देहशोषण किया और शादी का झांसा देकर करीब 80 लाख रुपए ले लिए। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
दिल्ली से जयपुर पहुंची जीरो नंबर एफआईआर
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 3 सितंबर को नई दिल्ली के पालम विलेज थाने से जीरो नंबर एफआईआर विधायकपुरी थाने में भेजी गई थी। शिकायत में युवती ने शादी का झांसा देकर देहशोषण करने और 80 लाख रुपए ऐंठने के आरोप लगाए थे। इसके बाद जयपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की।
उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया आरोपी
मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार दोपहर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस को तीन दिन का रिमांड मिला। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती से रकम किस तरीके से ली गई और कथित ठगी में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच और पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

