धौलपुर में चाचा और 2 भतीजों की मौत से हड़कंप, घर से 1 KM दूर खेत में मिले शव
राजस्थान के धौलपुर जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौदा गांव में बुधवार सुबह एक युवक और उसके दो मासूम भतीजों के शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय विष्णु और उसके दो भतीजों सनी (10) और मानव (8) के रूप में हुई है। तीनों मंगलवार को रिश्तेदार के यहां धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लेकिन घर नहीं लौटे। बुधवार सुबह उनके शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिले। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेत में इस हालत में मिले तीनों के शव
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह एक ग्रामीण की नजर खेत में पड़े शवों पर पड़ी। सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दो बच्चों के शव जमीन पर मिले, जबकि विष्णु का शव एक पेड़ से फंदे पर लटका हुआ था। जिस बाइक से तीनों निकले थे, वह भी घटनास्थल के पास मिली।एक साथ तीन लोगों की मौत की सूचना फैलते ही गांव और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मंगलवार को धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे
परिजनों के मुताबिक, विष्णु मंगलवार को अपनी मां जनक देवी और दोनों भतीजों के साथ बसेड़ी थाना क्षेत्र के आकपुरा गांव में अपनी बहन के घर माता पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद उसकी मां बेटी के घर रुक गई, जबकि विष्णु दोनों बच्चों को लेकर बाइक से वापस गांव के लिए रवाना हो गया।परिवार को उम्मीद थी कि विष्णु बच्चों के साथ घर पहुंच जाएगा। देर रात तक तीनों के नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों से संपर्क किया। जब कहीं से भी उनके पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। बुधवार सुबह खेत में तीनों के शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया।
हत्या की आशंका के एंगल से जांच
पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका के एंगल से भी देख रही है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है, ताकि मंगलवार शाम से बुधवार सुबह के बीच हुई घटनाओं की कड़ियां जोड़ी जा सकें।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रिश्तेदार के यहां से लौटते समय तीनों के साथ क्या हुआ और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पुलिस की पड़ताल से ही इस मामले की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

