जयपुर में फर्जी ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी, वीडियो में जाने लिंक क्लिक करते ही खाते से निकले 1.57 लाख रुपए
जयपुर में ट्रैफिक पुलिस के नाम पर भेजे गए फर्जी ई-चालान के जरिए साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज भेजकर ऐसा लिंक दिया, जिस पर क्लिक करते ही मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके बाद ठगों ने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से करीब 1 लाख 57 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित को बैंक से पैसे कटने का मैसेज आने के बाद ठगी का पता चला। मामले में एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, जगतपुरा के पुरुषार्थ नगर-सी निवासी दीपक माहेश्वरी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को उनके मोबाइल पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से ई-चालान भेजे जाने का टेक्स्ट मैसेज आया था। मैसेज में ई-चालान से जुड़ी जानकारी देखने के लिए एक लिंक दिया गया था।
लिंक खोलते ही मोबाइल में डाउनलोड हुई APK फाइल
दीपक माहेश्वरी ने ई-चालान कटने की जानकारी लेने के लिए मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। लिंक खोलने के बाद उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि ई-चालान के नाम पर भेजा गया लिंक फर्जी है और इसके जरिए उनके मोबाइल को निशाना बनाया जा रहा है।आरोप है कि एपीके फाइल डाउनलोड होने के बाद साइबर ठगों ने मोबाइल को हैक कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर करीब 1 लाख 57 हजार रुपए निकाल लिए। कुछ देर बाद मोबाइल पर बैंक खाते से रुपए निकाले जाने का मैसेज आया तो उन्हें साइबर फ्रॉड का पता चला।
फर्जी ई-चालान के जरिए बनाया शिकार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ठगों ने ट्रैफिक पुलिस के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी ई-चालान का मैसेज भेजा था। मैसेज में दिए गए लिंक के जरिए मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाई गई। इस तरह ई-चालान की जानकारी लेने के चक्कर में पीड़ित साइबर ठगी का शिकार हो गया।पीड़ित ने एयरपोर्ट थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी मैसेज किस नंबर से भेजा गया था और बैंक खाते से निकाली गई रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई।
ई-चालान के नाम पर आने वाले लिंक से रहें सावधान
इस घटना के बाद एक बार फिर मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक को लेकर सतर्क रहने की जरूरत सामने आई है। ई-चालान के नाम पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और अनजान स्रोत से भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचना चाहिए। किसी भी चालान की जानकारी संबंधित आधिकारिक माध्यम से ही जांचनी चाहिए।

