Samachar Nama
×

जयपुर में साइबर ठगी: मोबाइल अपडेट होते ही खातों से उड़ गए 2.93 लाख रुपये, फुटेज में देंखे पुलिस ने शुरू की जांच

जयपुर में साइबर ठगी: मोबाइल अपडेट होते ही खातों से उड़ गए 2.93 लाख रुपये, फुटेज में देंखे पुलिस ने शुरू की जांच

राजस्थान की राजधानी जयपुर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में एक युवक के बैंक खातों से मोबाइल अपडेट होने के कुछ ही देर बाद करीब 2 लाख 93 हजार 776 रुपये गायब हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ठगी के तरीके और पैसे के ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।

मोबाइल अपडेट के बाद शुरू हुई ठगी

खोह नागोरियान थाना अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि गोविंदपुरा निवासी अशोक कुमार जांगिड़ ने शिकायत दर्ज कराई है।पीड़ित के अनुसार, 27 अगस्त की शाम करीब 5 बजे, राखी से एक दिन पहले वह मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका फोन अपडेट होने लगा। कुछ देर के लिए मोबाइल बंद हो गया और अपडेट पूरा होने के बाद दोबारा चालू हुआ।अशोक कुमार ने बताया कि मोबाइल ऑन होने के कुछ समय बाद ही उनके बैंक खातों से लगातार पैसे निकलने लगे।

तीन बैंक खातों से निकाली गई रकम

पीड़ित के मुताबिक, साइबर ठगों ने उनके अलग-अलग बैंक खातों को निशाना बनाया।

  • HDFC बैंक के दो खातों से 1-1 लाख रुपये निकाले गए।
  • SBI बैंक के खाते से 93,776 रुपये निकाल लिए गए।

इस तरह कुल 2 लाख 93 हजार 776 रुपये की ठगी की गई।

देर से मिला पैसे कटने का मैसेज

पीड़ित ने बताया कि रकम कटने के काफी समय बाद उनके मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज आए। जब तक उन्हें ठगी का पता चला, तब तक खाते से बड़ी रकम निकल चुकी थी।

इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस खंगाल रही डिजिटल ट्रेल

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब साइबर टीम बैंक खातों से हुए लेनदेन, मोबाइल गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोबाइल अपडेट के दौरान किसी तरह का संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हुआ या फिर किसी अन्य माध्यम से ठगी की गई।साइबर विशेषज्ञ लगातार लोगों को सलाह देते हैं कि मोबाइल में अनजान लिंक, ऐप या अपडेट नोटिफिकेशन को लेकर सावधानी बरतें और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Share this story

Tags