Samachar Nama
×

जयपुर में कपड़े सुखाने को लेकर विवाद, वीडियो में जाने असम की महिला से लिफ्ट में मारपीट; पति-पत्नी पर नस्लभेदी टिप्पणी का आरोप

जयपुर में कपड़े सुखाने को लेकर विवाद, वीडियो में जाने असम की महिला से लिफ्ट में मारपीट; पति-पत्नी पर नस्लभेदी टिप्पणी का आरोप

जयपुर में कपड़े सुखाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। सिरसी रोड स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती पर असम मूल की महिला के साथ मारपीट करने और नस्लभेदी टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि लिफ्ट में जाते समय पति-पत्नी ने उसके साथ मारपीट की और बाल खींचे। घटना के दौरान महिला का तीन साल का बच्चा भी मौजूद था।मामले में बिंदायका थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मारपीट के आरोपी पति अभिनव जैन को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

छत पर कपड़े सुखाने को लेकर हुआ था विवाद

बिंदायका थानाधिकारी अनिल जैमिनी ने बताया कि घटना 31 अक्टूबर को सिरसी इलाके के एक अपार्टमेंट में हुई थी। यहां रहने वाली असम मूल की महिला का अपार्टमेंट में रहने वाले अभिनव जैन और उसकी पत्नी सोमा जैन से छत पर कपड़े सुखाने को लेकर विवाद हुआ था।बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद मामला बढ़ गया और महिला के साथ मारपीट की घटना हुई।

लिफ्ट में रोककर मारपीट करने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, जब वह लिफ्ट से जा रही थी, तब अभिनव जैन ने लिफ्ट का गेट रोक लिया। इसके बाद उसकी पत्नी सोमा जैन ने महिला के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान महिला के बाल भी खींचे गए। दंपती पर नस्लभेदी टिप्पणियां करने का आरोप भी लगाया गया है।

CCTV फुटेज में बाल पकड़कर मारपीट करती दिखी महिला

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक महिला पीड़िता के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट करती नजर आ रही है। घटना के समय पीड़िता का तीन साल का बच्चा भी वहां मौजूद था।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, पति गिरफ्तार

थानाधिकारी अनिल जैमिनी के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी अभिनव जैन को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Share this story

Tags