जयपुर में शादी समारोह में पानी की बोतल फेंकने पर विवाद, वीडियो में जाने रिश्तेदारों के बीच जमकर मारपीट; युवक पर चाकू से हमला
जयपुर के सुभाष चौक थाना क्षेत्र के पन्नीगरान इलाके में शादी समारोह के दौरान पानी की बोतल फेंकने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों पर दूसरे पक्ष के युवक तनवीर पर चाकू से हमला करने का आरोप है। हमले में तनवीर के सिर में चोट आई है। खास बात यह है कि झगड़ा करने वाले दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं।
घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे की है। जानकारी के अनुसार, इलाके में शादी समारोह के दौरान दावत चल रही थी। इसी दौरान पानी की बोतल फेंकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।
मारपीट के दौरान युवक पर चाकू से हमला
आरोप है कि मारपीट के दौरान एक पक्ष के लोगों ने तनवीर पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में चोट आई। वहीं दूसरे पक्ष के सतार और उसके बेटे को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दोनों पक्ष पहुंचे सुभाष चौक थाने
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग शिकायत लेकर सुभाष चौक थाने पहुंचे। थाने में दोनों पक्षों के कुछ लोग अपना चेहरा छिपाते नजर आए। पुलिस ने घायल तनवीर को मेडिकल जांच के लिए भेजा। वहीं सतार और उसके बेटे का भी मेडिकल करवाया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की चोटों से संबंधित मेडिकल प्रक्रिया पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद की वजह और मारपीट के दौरान चाकू से हमला करने के आरोपों की जांच की जा रही है।

