जयपुर में सफाई व्यवस्था पर कमिश्नर सख्त, फुटेज में देंखे औचक निरीक्षण में कई जगह मिली गंदगी; अधिकारियों को लगाई फटकार
जयपुर शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम कमिश्नर गुरुवार को अचानक निरीक्षण पर निकल पड़े। कमिश्नर ने परकोटे के विभिन्न इलाकों में पैदल घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही बाजारों और तंग गलियों में ई-रिक्शा से पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान कई जगह गंदगी मिलने पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई और तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में चल रहा विशेष सफाई अभियान केवल प्रमुख बाजारों या मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अभियान को हर वार्ड, गली और मोहल्ले तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छोटी चौपड़ से शुरू किया निरीक्षण
नगर निगम कमिश्नर ने किशनपोल जोन स्थित छोटी चौपड़ से निरीक्षण की शुरुआत की। उन्होंने आसपास के इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई कर्मचारियों की मौजूदगी तथा कचरा उठाने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।इसके बाद कमिश्नर पैदल ही गणगौरी बाजार और चौगान स्टेडियम की ओर रवाना हुए। रास्ते में कई स्थानों पर उन्हें गंदगी दिखाई दी। कुछ जगहों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए।कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि नियमित सफाई के साथ-साथ सड़कों और बाजारों में जमा कचरे को समय पर उठाया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बारिश के दौरान नालियों और जल निकासी वाले स्थानों पर कचरा जमा न हो।
ई-रिक्शा से हवामहल जोन का लिया जायजा
परकोटे के बाजारों में निरीक्षण के बाद कमिश्नर ई-रिक्शा से हवामहल जोन पहुंचे। तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बड़े वाहनों के पहुंचने में होने वाली परेशानी को देखते हुए ई-रिक्शा के जरिए उन्होंने उन इलाकों का निरीक्षण किया, जहां सामान्य तौर पर सफाई व्यवस्था की निगरानी चुनौतीपूर्ण रहती है।उन्होंने गलियों में कचरे की स्थिति, सफाई कर्मचारियों की गतिविधियों और कचरा संग्रहण व्यवस्था को देखा। इस दौरान जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए।
हर वार्ड तक पहुंचाया जाएगा विशेष सफाई अभियान
कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम का विशेष सफाई अभियान केवल शहर के चुनिंदा स्थानों के लिए नहीं है। इसका उद्देश्य शहर के हर वार्ड, गली और मोहल्ले में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मानसून के दौरान गंदगी और जलभराव से आमजन को होने वाली परेशानी को कम करना निगम की प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालियों और जल निकासी के रास्तों की नियमित सफाई की जाए, ताकि बारिश का पानी जमा न हो। साथ ही कचरा उठाने में देरी करने वाले कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।
कमिश्नर ने कहा कि सफाई व्यवस्था सीधे तौर पर शहरवासियों के स्वास्थ्य से जुड़ी है। इसलिए अधिकारियों को फील्ड में लगातार निगरानी करनी होगी। औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम के इस औचक निरीक्षण के बाद अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों में भी हलचल रही। अब देखना होगा कि कमिश्नर के निर्देशों के बाद परकोटे समेत शहर के अन्य इलाकों में सफाई व्यवस्था में कितना सुधार दिखाई देता है।

