Samachar Nama
×

राजस्थान में ठंड का कहर, फुटेज में जानें कोहरे से ट्रेनें लेट, कश्मीर में डल झील जमी; बिहार में 3 की मौत

राजस्थान में ठंड का कहर, फुटेज में जानें कोहरे से ट्रेनें लेट, कश्मीर में डल झील जमी; बिहार में 3 की मौत

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजस्थान में बर्फीली हवाओं के साथ शीतलहर का असर तेज हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में कोहरा, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है, वहीं सर्दी के चलते 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।

राजस्थान के उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। जैसलमेर में ठंड का असर इस कदर रहा कि रात के समय खड़ी गाड़ियों पर बर्फ की पतली परत जम गई। अलवर में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि खैरथल-तिजारा क्षेत्र में बारिश के साथ ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम से किसानों और आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

तेज सर्दी को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने एहतियातन 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। कई जिलों में सरकारी और निजी स्कूल बंद रहे।

मध्य प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के 17 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश में छतरपुर का खजुराहो सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में तापमान 4.1 डिग्री, दतिया में 4.2 डिग्री, नौगांव और शिवपुरी में 5 डिग्री, उमरिया में 5.4 डिग्री और पचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार गिरते तापमान से लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

उधर, जम्मू-कश्मीर में चिल्लई कलां के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी श्रीनगर में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार, न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। तेज ठंड के कारण इस सर्दी में पहली बार डल झील के कुछ हिस्से जम गए हैं, जो स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए खास नजारा बन गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। शीतलहर और कोहरे का असर आगे भी जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।

Share this story

Tags