प्रतापगढ़ के बंबोरी गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मॉर्निंग वॉक, वीडियो में जाने ग्रामीणों से किया संवाद
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार सुबह प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में मॉर्निंग वॉक कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर स्थानीय लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार शाम को प्रतापगढ़ पहुंचे थे। यहां उन्होंने बंबोरी गांव में आयोजित विकास चौपाल और अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने किसान गोपाल जणवा के घर पर रात्रि विश्राम किया, जहां उन्होंने ग्रामीण परिवेश को करीब से समझने का प्रयास किया।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक मुख्यमंत्री गांव में मौजूद रहे। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक, जिला कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने पैदल चलकर गांव का निरीक्षण किया और कई स्थानों पर रुककर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की।इस दौरान उन्होंने खाट पर बैठकर भी लोगों से संवाद किया और घरों के बाहर जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने इस मौके पर सड़क, पानी, बिजली और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी अपनी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के इस दौरे को सकारात्मक बताया और कहा कि इस तरह की सीधे संवाद वाली पहल से उनकी समस्याएं बेहतर तरीके से सरकार तक पहुंचती हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे सरकार की जनसंपर्क नीति के रूप में देखा जा रहा है।

