Samachar Nama
×

राजस्थान पंचायत चुनाव की तारीखों में बदलाव, वीडियो में जाने धनतेरस पर नहीं होगी वोटिंग; पहले 3 चरण एक दिन पहले

राजस्थान पंचायत चुनाव की तारीखों में बदलाव, वीडियो में जाने धनतेरस पर नहीं होगी वोटिंग; पहले 3 चरण एक दिन पहले

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में संशोधन करते हुए पहले, दूसरे और तीसरे चरण की मतदान तारीखों को एक-एक दिन पहले कर दिया है। यह बदलाव धनतेरस के त्योहार को देखते हुए किया गया है। अब पहले घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 6 नवंबर को होने वाला मतदान नहीं होगा। आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तीसरे चरण में पंच और सरपंच पद के लिए मतदान 5 नवंबर को कराया जाएगा।

पहले चरण में 22 और 24 अक्टूबर को वोटिंग

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान अब 22 अक्टूबर को होगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को पंच और सरपंच पद के लिए वोट डाले जाएंगे। पहले इन दोनों चुनावों के लिए मतदान क्रमशः 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित था।पहले चरण के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के मतदान से जुड़ी पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को होगा। वहीं पंच-सरपंच चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को नामांकन प्रक्रिया होगी।

दूसरे चरण की वोटिंग 28 और 30 अक्टूबर को

दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके दो दिन बाद यानी 30 अक्टूबर को पंच और सरपंच पद के लिए वोटिंग कराई जाएगी।इस चरण में 27 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान होगा, जबकि पंच और सरपंच चुनाव के लिए 29 अक्टूबर को नामांकन कराया जाएगा।

तीसरे चरण में 3 और 5 नवंबर को मतदान

सबसे अहम बदलाव तीसरे चरण के कार्यक्रम में किया गया है। अब जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को मतदान होगा। इसके बाद 5 नवंबर को पंच और सरपंच पद के लिए वोट डाले जाएंगे।पहले तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की वोटिंग 4 नवंबर तथा पंच-सरपंच की वोटिंग 6 नवंबर को प्रस्तावित थी। 6 नवंबर को धनतेरस होने के कारण आयोग ने मतदान को एक दिन पहले करने का फैसला लिया है।

धनतेरस के दिन होगी उपसरपंच की वोटिंग

संशोधित कार्यक्रम के तहत तीसरे चरण में 6 नवंबर यानी धनतेरस के दिन उपसरपंच का चुनाव होगा। इसी तरह पहले और दूसरे चरण में भी पंच-सरपंच चुनाव के अगले दिन उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।पहले चरण में 25 अक्टूबर और दूसरे चरण में 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। तीसरे चरण में यह प्रक्रिया 6 नवंबर को पूरी होगी।

सरपंच का रिजल्ट उसी दिन

पंच और सरपंच पद के लिए मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। यानी सरपंच चुनाव का परिणाम मतदान वाले दिन ही देर शाम या रात तक घोषित किया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना सभी चरणों का मतदान पूरा होने के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।निर्वाचन आयोग के इस बदलाव से मतदाताओं को धनतेरस के दिन मतदान की बजाय त्योहार से पहले वोट डालने का मौका मिलेगा। पहले तीन चरणों के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है, जबकि चौथे चरण का घोषित कार्यक्रम यथावत रखा गया है।

Share this story

Tags