जयपुर में सुबह-सुबह चेन स्नैचर्स का आतंक, जवाहर नगर में बुजुर्ग महिला की चेन लूटी; वीडियो में देंखे सिंधी कॉलोनी में दूसरी वारदात की कोशिश नाकाम
राजस्थान की राजधानी जयपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह शहर के पॉश इलाके जवाहर नगर में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके कुछ ही देर बाद उन्हीं बदमाशों ने सिंधी कॉलोनी में एक अन्य महिला को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन इस बार वे सफल नहीं हो सके।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना सुबह करीब 8:30 बजे जवाहर नगर सेक्टर-3 में हुई। क्षेत्र की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला रोज की तरह अपने घर से मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली।अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई और जोर-जोर से शोर मचाने लगी। आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पहली वारदात के कुछ ही समय बाद उन्हीं बदमाशों ने सिंधी कॉलोनी में पैदल जा रही एक अन्य महिला को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिला के गले से चेन छीनने के लिए झपट्टा मारा, लेकिन महिला ने तुरंत अपनी चेन पकड़ ली। इसके चलते बदमाश अपनी कोशिश में नाकाम रहे।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों आरोपी बाइक से तेज गति से फरार हो चुके थे। दूसरी वारदात विफल रहने के बावजूद बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके।लगातार दो स्थानों पर चेन स्नैचिंग की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का मानना है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। साथ ही, शहर में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध वाहनों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।पुलिस ने लोगों, विशेषकर सुबह-शाम पैदल निकलने वाले वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

