Samachar Nama
×

CBSE बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी, वीडियो में जाने 16 फरवरी से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के एग्जाम; 46 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल

CBSE बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी, वीडियो में जाने 16 फरवरी से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के एग्जाम; 46 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। खास बात यह है कि बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही डेटशीट जारी कर दी है, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

CBSE के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षा में 83 विषयों के पेपर होंगे। इसमें 26.5 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, कक्षा 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 19.8 लाख से अधिक छात्र हिस्सा लेंगे। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर 46 लाख से ज्यादा विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे।

सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे सभी पेपर

बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। डेटशीट तैयार करते समय कॉमन विषयों के पेपर के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है, ताकि विद्यार्थियों को एक परीक्षा के बाद अगले विषय की तैयारी के लिए समय मिल सके।बोर्ड ने अलग-अलग विषयों के परीक्षा कार्यक्रम को इस तरह तैयार किया है कि विद्यार्थियों को पेपर की तैयारी और रिवीजन के लिए बेहतर अवसर मिल सके।

12वीं के छात्रों की एंट्रेंस परीक्षाओं का भी रखा ध्यान

CBSE ने कक्षा 12वीं की डेटशीट तैयार करते समय उच्च शिक्षा संस्थानों की प्रवेश परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा है। कोशिश की गई है कि बोर्ड परीक्षाएं प्रवेश परीक्षाओं से पहले पूरी हो जाएं, जिससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

40 हजार सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखकर तैयार हुई डेटशीट

बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय करीब 40 हजार विषय संयोजनों का ध्यान रखा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी विद्यार्थी के दो विषयों के पेपर एक ही दिन न पड़ें।अलग-अलग विषयों का चयन करने वाले विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर परीक्षा की तारीखें तय की गई हैं। इससे विषयों के टकराव की समस्या कम होगी और छात्र बिना किसी परेशानी के सभी परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे।

छात्रों को तैयारी के लिए मिला पर्याप्त समय

परीक्षा से 101 दिन पहले डेटशीट जारी होने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की योजना बनाने का समय मिलेगा। छात्र अब विषयवार टाइम टेबल बनाकर रिवीजन, प्रैक्टिस और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान दे सकेंगे। CBSE की ओर से समय से पहले परीक्षा कार्यक्रम जारी करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना है।

Share this story

Tags