Samachar Nama
×

राजस्थान में CBN की बड़ी कार्रवाई: मैक्सिको से आए पार्सल में मिली LSD ड्रग, फुटेज में देंखे नीमच से 978 किलो डोडा चूरा जब्त

राजस्थान में CBN की बड़ी कार्रवाई: मैक्सिको से आए पार्सल में मिली LSD ड्रग, फुटेज में देंखे नीमच से 978 किलो डोडा चूरा जब्त

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की राजस्थान यूनिट ने 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत दो बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ शिकंजा कसा है। पहली कार्रवाई में जयपुर में मैक्सिको से आए एक इंटरनेशनल पार्सल से LSD ड्रग बरामद की गई, जबकि दूसरी कार्रवाई में मध्य प्रदेश के नीमच जिले से 978.820 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया गया।

मैक्सिको से आए पार्सल में मिली LSD की 500 ब्लॉटर शीट

सीबीएन के डिप्टी कमिश्नर नरेश बुंदेल ने बताया कि 18 जुलाई को जयपुर स्थित कस्टम्स कार्यालय में मैक्सिको से आए एक अंतरराष्ट्रीय पार्सल की जांच की गई।तलाशी के दौरान पार्सल से LSD की पांच ब्लॉटर शीट बरामद हुईं, जिनमें कुल 500 ब्लॉट्स थे। इनका कुल वजन 7.71 ग्राम पाया गया। बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

क्या है LSD ड्रग?

डिप्टी कमिश्नर नरेश बुंदेल ने बताया कि LSD (Lysergic Acid Diethylamide) एक बेहद खतरनाक साइकेडेलिक ड्रग है। इसे आमतौर पर एसिड, ब्लॉट्स या स्टैम्प्स जैसे नामों से भी जाना जाता है।यह ड्रग अक्सर डाक टिकट के आकार के छोटे रंगीन कागज (ब्लॉटर पेपर) पर लगाकर तैयार की जाती है। इसके अलावा यह तरल या छोटी गोलियों के रूप में भी मिलती है। इसे चाटकर या निगलकर सेवन किया जाता है।उन्होंने बताया कि LSD का सेवन करने से मस्तिष्क में सेरोटोनिन रसायन का स्तर प्रभावित होता है, जिससे व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता, समय का एहसास और भावनात्मक नियंत्रण गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।

नीमच से 978.820 किलो डोडा चूरा भी जब्त

सीबीएन ने दूसरी बड़ी कार्रवाई में मध्य प्रदेश के नीमच जिले से 978.820 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई भी नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।जब्त किए गए डोडा चूरे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों मामलों में बरामद मादक पदार्थों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है। सीबीएन अब यह पता लगाने में जुटी है कि मैक्सिको से आया पार्सल किसके लिए भेजा गया था और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share this story

Tags