Samachar Nama
×

जयपुर में बुजुर्ग को कुचलकर भागने वाला कार चालक गिरफ्तार, CCTV से पकड़ा गया आरोपी

जयपुर में बुजुर्ग को कुचलकर भागने वाला कार चालक गिरफ्तार, CCTV से पकड़ा गया आरोपी

जयपुर में तेज रफ्तार कार से बुजुर्ग को कुचलकर फरार होने वाले आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जवाहर नगर थाना पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी तेज प्रकाश को पकड़ा। पुलिस ने हादसे में शामिल क्षतिग्रस्त कार भी जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।घटना 27 नवंबर की दोपहर करीब साढ़े 4 बजे सिंधी कॉलोनी कच्ची बस्ती में हुई थी। यहां मोहन ल अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार चालक ने सड़क किनारे खड़े ठेले को भी टक्कर मारकर पलट दिया और मौके से फरार हो गया।

मोबाइल पर बात करते हुए चला रहा था कार

जवाहर नगर थाना एसएचओ सरला यादव ने बताया कि आरोपी तेज प्रकाश शुक्रवार को अपने दोस्त निशांत को उसकी कार वापस लौटाने आया था। कार में लगे मैप के जरिए वह लोकेशन तलाश रहा था, लेकिन रास्ता भूलने के कारण मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था।इसी दौरान कार की रफ्तार तेज थी। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सिंधी कॉलोनी कच्ची बस्ती में घर के बाहर बैठे मोहन लाल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग कार की चपेट में आ गए। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ठेले से टकरा गई, जिससे ठेला पलट गया।

लोगों को आता देख कार लेकर भागा

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ने की कोशिश की। स्थानीय लोग उसकी तरफ दौड़े, लेकिन आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से कार की पहचान, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जवाहर नगर थाने के कॉन्स्टेबल अशोक और धर्मपाल यादव ने अलग-अलग कैमरों की रिकॉर्डिंग देखकर कार की पहचान करने में मदद की।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हादसे में शामिल कार को चिन्हित किया और उसके चालक तक पहुंची। इसके बाद शनिवार सुबह आरोपी तेज प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद मौके से फरार होने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर भी आरोपी से जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this story

Tags