दौसा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर से टकराई बस में लगी आग, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 8 यात्रियों की मौत; 21 घायल
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई, जिससे कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
यह दुर्घटना कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, निजी बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। इसी दौरान वह आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
6 यात्रियों की जलने से, 2 की सिर में चोट से मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में कुल 8 लोगों की जान गई। इनमें 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
21 घायल, कई की हालत गंभीर
हादसे में 21 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
बस की डिक्की में मिले सिगरेट के बॉक्स
राहत कार्य में शामिल एक ग्रामीण ने बताया कि हादसे के बाद बस में फंसे यात्री मदद के लिए चीख-पुकार कर रहे थे। आग बुझाने के दौरान बस की डिक्की में सिगरेट से भरे कई बॉक्स भी मिले। शुरुआती आशंका है कि इन्हीं ज्वलनशील सामानों के कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों, बस में रखे सामान और आग फैलने की परिस्थितियों की विस्तार से पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है।

