Samachar Nama
×

जयपुर कलेक्ट्रेट में रिश्वत कांड: ADM के PA मुकेश कुमार 1 लाख लेते गिरफ्तार, वीडियो में जाने ट्रैवल फर्म के बिल पास कराने के बदले मांगा था कमीशन

जयपुर कलेक्ट्रेट में रिश्वत कांड: ADM के PA मुकेश कुमार 1 लाख लेते गिरफ्तार, वीडियो में जाने ट्रैवल फर्म के बिल पास कराने के बदले मांगा था कमीशन

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर कलेक्ट्रेट में रिश्वत लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने ADM (ईस्ट) नरेंद्र कुमार के निजी सहायक (PA) मुकेश कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि PA ने ट्रैवल फर्म के लंबित बिल पास करवाने के बदले 8 प्रतिशत कमीशन के रूप में रिश्वत मांगी थी। ACB के अनुसार, आरोपी मुकेश कुमार को गुरुवार को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी की ओर से कुल 2.04 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी।

बिल पास कराने के लिए मांगा था कमीशन

जानकारी के मुताबिक, परिवादी की ट्रैवल फर्म ने जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित परीक्षाओं के लिए वाहनों की व्यवस्था की थी। इसके भुगतान के लिए फर्म की ओर से ADM (ईस्ट) कार्यालय में बिल लगाए गए थे।आरोप है कि इन लंबित बिलों को पास करवाने के एवज में PA मुकेश कुमार ने कमीशन की मांग की। परिवादी ने इसकी शिकायत ACB चौकी जयपुर ग्रामीण में दर्ज करवाई। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।

रिश्वत की रकम गिनकर दराज में रखी

ACB अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैप के दौरान जब परिवादी ऑफिस पहुंचा तो आरोपी PA को शायद कार्रवाई का अंदाजा नहीं था। बातचीत के दौरान उसने परिवादी से कहा, “आप मतलब की बात करने आए हो या बेमतलब की।”इसके बाद आरोपी ने रिश्वत की रकम दोनों हाथों से गिनी और उसे अपनी दराज में रख लिया। इसी दौरान ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद आया था नौकरी में

ACB की जांच में सामने आया है कि आरोपी मुकेश कुमार आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद इस पद पर आया था। फिलहाल ACB टीम उससे पूछताछ कर रही है और रिश्वत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि मामले में दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। अगर जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

ACB ने दर्ज की FIR, आगे की जांच जारी

ACB ने आरोपी PA के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो अब यह पता लगाने में जुटा है कि रिश्वत की मांग केवल आरोपी स्तर पर थी या इसमें अन्य अधिकारी भी शामिल थे।जयपुर कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। ACB ने आम लोगों से अपील की है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों की शिकायत तुरंत करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Share this story

Tags