अलवर में कार पार्किंग को लेकर खूनी विवाद, फुटेज में देखें 6 से ज्यादा लोगों ने दो दोस्तों पर तलवार से किया हमला; एक के सीने में घोंपा वार
राजस्थान के अलवर शहर में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रामगढ़ थाना क्षेत्र की दक्षमेस कॉलोनी में 6 से ज्यादा लोगों ने दो दोस्तों पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक के सीने में तलवार लग गई, जबकि दूसरे युवक के हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दक्षमेस कॉलोनी निवासी मनप्रीत का दोस्त हरप्रीत अपनी कार घर के पास पार्किंग में खड़ी कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले परविंदर सिंह राजपूत ने उसे रास्ते से कार हटाने के लिए कहा। इस पर हरप्रीत ने साइड में जगह होने की बात कहते हुए वहां से निकलने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली लग रहा विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
तलवार और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे आरोपी
आरोप है कि कार पार्क करने के बाद दूसरे पक्ष के लोग तलवार और अन्य हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हरप्रीत पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके एक हाथ और कमर पर चोटें आईं।
इस दौरान शोर सुनकर मनप्रीत बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि तभी परविंदर सिंह राजपूत ने उस पर तलवार से वार कर दिया। तलवार सीधे मनप्रीत के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों घायलों की हालत गंभीर
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया। मनप्रीत के सीने में तलवार लगने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि हरप्रीत के हाथ और कमर पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल है। मामले में पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार है।

