जैसलमेर में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, पड़ोसी ने ही महिला को मारी थी गोली, जीरा चोरी की साजिश में हुई हत्या
राजस्थान के जैसलमेर जिले से 100 किलोमीटर दूर झींझनियाली थाना क्षेत्र में पैसे के लालच में एक पड़ोसी ने महिला के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. मंगलवार रात हुई घटना का बुधवार को पता चलते ही पुलिस की टीम एक्टिव हो गई. महज 48 घंटे में पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश जारी है.
मामला 21 अप्रैल मंगलवार की रात का है, जब मृतक महिला हथुदेवी (50) घर में अकेली सो रही थी. पड़ोसी आरोपी हेमसिंह (25) बंदूक लेकर उसके घर पहुंचता है और नींद में सो रही महिला के सिर में खिड़की से निशाना साधकर कर फायर कर देता है, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो जाती है. हत्या के बाद हेमसिंह घबरा गया और 5 लाख की कीमत के जीरे चोरी नहीं कर सका. मामले को लूट का रूप देने के लिए वह घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को लेकर 8 किलोमीटर दूर ले गया और लावारिस छोड़ दिया.
घर में पड़ा मिला पत्नी का शव
22 अप्रैल की सुबह मृतका का पति अमराराम जब शादी समारोह का कार्यक्रम निपटा घर पहुंचा तो पत्नी की लाश देख उसके होश उड़ गए. इसके बाद उसने अपने परिजनों और पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे खुद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया. जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया.
मदद का ड्रामा करता नजर आया आरोपी
अगले दिन मास्टरमाइंड हेमसिंह जांच के दौरान घटनास्थल पर पुलिस के साथ मदद का दिखावा करते हुए नजर आया. पुलिसकर्मियों को चाय-पानी पिलाकर मदद का दिखावा करता रहा. उसने रेत से अपने पैरों और ट्रैक्टर के निशान भी मिटाने की कोशिश की, लेकिन झूठ के पांव उतने गहरी नहीं होते कि वह लंबा चल सके. आखिरकार पुलिस की सतर्कता और अनुसंधान के चलते पुलिस आरोपी हेमसिंह के गिरेबान तक पहुंच ही गई.

