पटवार भर्ती परीक्षा-2021 में बड़ा फर्जीवाड़ा, डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाकर बना पटवारी; फुटेज में जाने SOG ने निलंबित कर्मचारी को किया गिरफ्तार
राजस्थान की पटवार भर्ती परीक्षा-2021 में फर्जीवाड़े का एक और बड़ा मामला सामने आया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाकर पटवारी की नौकरी हासिल करने वाले निलंबित पटवारी दिनेश कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने खुद परीक्षा देने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति को परीक्षा केंद्र भेजा और चयन के बाद सिरोही जिले में पटवारी के पद पर नियुक्ति हासिल कर ली।
गोपनीय शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि इस मामले में एजेंसी को एक गोपनीय शिकायत मिली थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसओजी थाने में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई।जांच के दौरान कई दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की गई, जिसमें परीक्षा में प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) का खुलासा हुआ।
डमी अभ्यर्थी को बैठाकर दिलाई परीक्षा
जांच में सामने आया कि आरोपी दिनेश कुमार, पुत्र तुलसीराम, निवासी भादरूणा, तहसील सांचौर, जिला जालौर, ने 23 अक्टूबर 2021 को आयोजित पटवार भर्ती परीक्षा में स्वयं शामिल नहीं हुआ।आरोप है कि उसने उदयपुर के परीक्षा केंद्र पर अपने स्थान पर एक डमी अभ्यर्थी को परीक्षा दिलवाई। इसके लिए प्रवेश पत्र पर डमी अभ्यर्थी की फोटो लगाई गई और पहचान छिपाने के लिए जाली हस्ताक्षरों का भी इस्तेमाल किया गया।
चयन के बाद मिली सरकारी नौकरी
एसओजी के अनुसार, डमी अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा देने के बाद दिनेश कुमार का चयन हो गया और उसे सिरोही जिले में पटवारी के पद पर नियुक्ति मिल गई। बाद में फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने पर उसे निलंबित कर दिया गया था।अब जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसओजी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डमी अभ्यर्थी की तलाश जारी
एसओजी अब उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है जिसने दिनेश कुमार की जगह परीक्षा दी थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में कोई गिरोह या अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
भर्ती घोटालों पर SOG की सख्ती जारी
राजस्थान में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के मामलों पर एसओजी लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले कुछ समय में पेपर लीक, डमी अभ्यर्थी और OMR शीट में हेरफेर जैसे कई मामलों का खुलासा हो चुका है। अधिकारियों का कहना है कि पटवार भर्ती परीक्षा-2021 से जुड़े इस मामले में भी सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ राजस्थान लोक परीक्षा अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

