आक्या से बेनीवाल बोले- RLP सदस्य को नागौर भेजो, वीडियो में जानें चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में शंकरी बाई बनीं किंगमेकर; बेटे ने कहा- मां को जबरदस्ती ले गए
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पंचायत समिति के बोर्ड गठन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की एकमात्र विजयी सदस्य शंकरी बाई भील के बीजेपी को समर्थन देने के बाद विवाद खड़ा हो गया। अब पार्टी प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मामले में हस्तक्षेप किया है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से बातचीत के बाद तय हुआ कि शंकरी बाई को नागौर भेजा जाएगा, जहां वह बेनीवाल से मुलाकात करेंगी। इसके बाद पार्टी जो फैसला करेगी, उसे अंतिम माना जाएगा।
14-14 सीटों पर बराबरी, RLP सदस्य की भूमिका अहम
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में से बीजेपी और कांग्रेस को 14-14 सीटें मिली हैं। वहीं, RLP की शंकरी बाई भील ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। दोनों प्रमुख दलों के बराबर सीटें होने के कारण शंकरी बाई का समर्थन बोर्ड गठन में निर्णायक हो गया है। इसी वजह से उन्हें किंगमेकर माना जा रहा है।
विवाद तब शुरू हुआ, जब शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर बीजेपी को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास के लिए यह फैसला अपनी मर्जी से लिया है। उनके पति ने भी वीडियो में किसी तरह के दबाव या जबरदस्ती से इनकार किया था।
बेटे ने वीडियो जारी कर लगाया जबरदस्ती ले जाने का आरोप
दूसरी ओर, शंकरी बाई के बेटे बबलू ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या उनके माता-पिता को जबरदस्ती अपने साथ ले गए। उसने दावा किया कि उसका परिवार हनुमान बेनीवाल के साथ है। बेटे के इस बयान के बाद विवाद और बढ़ गया।
RLP नेताओं ने भी आरोप लगाया कि शंकरी बाई को पार्टी की सहमति के बिना बीजेपी के पक्ष में समर्थन देने के लिए प्रभावित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और शंकरी बाई को वापस लाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि वह पार्टी नेतृत्व से बातचीत के बाद ही कोई अंतिम फैसला लें।
बेनीवाल के हस्तक्षेप के बाद बनी पांच सदस्यीय कमेटी
मामले को लेकर सोमवार शाम हनुमान बेनीवाल ने पार्टी पदाधिकारियों से फोन पर बातचीत की और पांच सदस्यीय कमेटी बनाने के निर्देश दिए। कमेटी ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। इसके बाद पार्टी पदाधिकारी विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से मिले।
बैठक के दौरान विधायक आक्या की बेनीवाल से फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद सहमति बनी कि शंकरी बाई सीधे नागौर जाकर बेनीवाल से मिलेंगी। वहां बातचीत के बाद जो निर्णय होगा, वही अंतिम माना जाएगा।
एक तरफ मां का अपनी मर्जी से जाने का दावा, दूसरी तरफ बेटे के आरोप
इस पूरे मामले में शंकरी बाई और उनके बेटे के बयानों में विरोधाभास सामने आया है। शंकरी बाई और उनके पति ने पहले वीडियो जारी कर अपनी मर्जी से बीजेपी को समर्थन देने की बात कही थी, जबकि बेटे ने माता-पिता को जबरदस्ती ले जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल शंकरी बाई के नागौर पहुंचने और पार्टी नेतृत्व से मुलाकात के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

