Samachar Nama
×

डीग के 26 वर्षीय जवान बबलू चौधरी का हार्ट अटैक से निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई; फुटेज में देंखे नम आंखों से गांव ने दी श्रद्धांजलि

डीग के 26 वर्षीय जवान बबलू चौधरी का हार्ट अटैक से निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई; फुटेज में देंखे नम आंखों से गांव ने दी श्रद्धांजलि

डीग जिले के सिनसिनी गांव के रहने वाले सेना के जवान बबलू चौधरी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। महज 26 साल की उम्र में जवान की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। नासिक में नायक के पद पर तैनात बबलू चौधरी ने ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। मंगलवार को जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिनसिनी पहुंचा, जहां हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

जानकारी के अनुसार, बबलू चौधरी 5 जुलाई को नासिक में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जवान के निन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

मंगलवार को जब बबलू चौधरी की पार्थिव देह गांव पहुंची तो परिजनों का दर्द छलक उठा। पत्नी मंजू, माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।परिवार के लिए यह सदमा बेहद गहरा है। जवान की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और सभी ने अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।

बेटे और भाई ने दी मुखाग्नि

जवान बबलू चौधरी का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। उनके 7 वर्षीय बड़े बेटे यश कुमार और छोटे भाई पंकज ने उन्हें मुखाग्नि दी।अंतिम संस्कार से पहले सेना के जवानों ने अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। ग्रामीणों और सेना के जवानों ने नम आंखों से बबलू चौधरी को विदाई दी।

प्राथमिक विद्यालय में रखी गई पार्थिव देह

जवान की पार्थिव देह को मंगलवार को गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।लोगों ने जवान के बलिदान और देश सेवा को याद करते हुए परिवार को सांत्वना दी।

"बबलू चौधरी अमर रहें" के नारों से गूंजा गांव

अंतिम यात्रा के दौरान पूरा गांव देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। लोगों ने "बबलू चौधरी अमर रहें" और "भारत माता की जय" के नारे लगाए।ग्रामीणों ने कहा कि बबलू चौधरी ने कम उम्र में सेना में शामिल होकर देश सेवा का जो संकल्प लिया था, वह हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।जवान की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Share this story

Tags