Samachar Nama
×

जयपुर में महिलाओं पर कार चढ़ाने की कोशिश, वीडियो में जाने बाल-बाल बची महिला; पत्थर लेकर दौड़ी भीड़

जयपुर में महिलाओं पर कार चढ़ाने की कोशिश, वीडियो में जाने बाल-बाल बची महिला; पत्थर लेकर दौड़ी भीड़

जयपुर के खोह नागोरियान इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें बिना नंबर प्लेट लगी सफेद कार का चालक महिलाओं की तरफ गाड़ी बढ़ाता नजर आ रहा है। इस दौरान एक महिला कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद महिलाओं में आक्रोश फैल गया। कुछ महिलाएं पत्थर लेकर कार के पीछे दौड़ती दिखाई दीं, जबकि चालक रिवर्स गियर में गाड़ी पीछे ले जाता नजर आया।

वायरल वीडियो में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद दिखाई दे रहे हैं। कार की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही को लेकर महिलाएं विरोध करती नजर आ रही हैं। इस दौरान कुछ महिलाएं अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर रही थीं।

महिला की तरफ बढ़ाई कार, बाल-बाल बची जान

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सफेद रंग की कार बिना नंबर प्लेट के मौके पर मौजूद है। आरोप है कि कार चालक ने महिलाओं के बीच से तेज रफ्तार में गाड़ी निकालने की कोशिश की। इसी दौरान उसने एक महिला की तरफ कार बढ़ा दी। महिला समय रहते पीछे हट गई, जिससे वह कार की चपेट में आने से बच गई।इस घटना के बाद मौके पर मौजूद महिलाएं गुस्से में आ गईं। उन्होंने कार चालक की हरकत का विरोध किया। वीडियो में कुछ महिलाएं पत्थर उठाकर कार के पीछे दौड़ती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद चालक कार को आगे ले जाने के बजाय रिवर्स गियर में पीछे दौड़ाता नजर आता है।

मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ पूरा घटनाक्रम

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हुई इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही घटना की तारीख और इसके पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस बोली- वीडियो मंगवाकर करेंगे जांच

मामले को लेकर एसीपी मालवीय नगर शिवदयाल बाजिया ने बताया कि फिलहाल इस घटना की जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित वीडियो मंगवाया जाएगा। इसके बाद मामले की पूरी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वहीं, खोह नागोरियान थाना अधिकारी सुनील कुमार गोदारा ने बताया कि यह घटना पुरानी है। उस समय किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया गया था। अब वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कार चालक कौन था और महिलाओं के साथ उसका विवाद किस बात को लेकर हुआ था।

Share this story

Tags