जयपुर में 41.70 लाख की ATM कैश लूट का 48 घंटे में खुलासा, वीडियो में देंखे बॉयफ्रेंड के साथ युवती ने रची साजिश
जयपुर में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशु कुमारी जाटव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूट की रकम में से 26.80 लाख रुपए बरामद किए हैं। वहीं वारदात में शामिल उसके बॉयफ्रेंड समेत तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अंशु कुमारी को बजरंग दीप प्रथम, श्रीकृष्णपुरा, रामनगरिया स्थित उसके किराए के कमरे से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद किए हैं। पुलिस अब बाकी रकम की बरामदगी और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
14 सितंबर को हुई थी लूट
पुलिस के मुताबिक वारदात 14 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई थी। बैंक कर्मचारी अक्षयपात्र के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ATM में कैश डालने के लिए पहुंचे थे। उनके पास करीब 41.70 लाख रुपए कैश से भरा बैग था। इसी दौरान दो बदमाशों ने हथियार की नोक पर बैंक कर्मचारियों को धमकाया और कैश से भरा बैग लूट लिया।वारदात के दौरान एक अन्य व्यक्ति कार लेकर कुछ दूरी पर खड़ा था। लूट के बाद बाइक सवार बदमाशों ने कैश को कार में शिफ्ट कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ऐसा इसलिए किया, ताकि बाइक से भागने के बाद कार का इस्तेमाल कर पुलिस की नाकाबंदी को चकमा दिया जा सके। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
बॉयफ्रेंड और दो साथी फरार
पुलिस जांच में अंशु कुमारी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अंशु ने अपने बॉयफ्रेंड मस्तराम मीणा और उसके दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। मस्तराम मीणा मासलपुर, करौली का रहने वाला बताया गया है। उसके साथ पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी और सुमित जांगम भी वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।
पुलिस बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी खंगाल रही
लूट की रकम और वारदात की पूरी योजना को देखते हुए पुलिस बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों को कैश की जानकारी कैसे मिली और बैंक कर्मचारियों की गतिविधियों से जुड़ी कोई जानकारी लीक तो नहीं हुई थी। इसके साथ ही पुलिस वारदात से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवती से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। 26.80 लाख रुपए की बरामदगी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और आगे की जांच में लूट की बाकी रकम तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता चल सकता है।

