कोटा में घर में घुसकर युवक को थप्पड़ मारते दिखे ASI, मोबाइल से वीडियो बनाने पर भड़के पुलिसकर्मी
कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में शिकायत के आधार पर एक युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के एएसआई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी घर में घुसकर युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक मोबाइल से पुलिस की कार्रवाई का वीडियो बना रहा था। इसी बात से नाराज होकर एएसआई ने उस पर हाथ उठा दिया। घटना सोमवार की बताई जा रही है।वीडियो में बोरखेड़ा थाने में तैनात एएसआई अब्दुल हफीज युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। वहीं युवक पुलिसकर्मी से कहता नजर आ रहा है कि वह घर में अपनी बहन के साथ है और उसकी मां भी आने वाली हैं। इस दौरान युवक मोबाइल से पूरी कार्रवाई रिकॉर्ड कर रहा था।
लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस
बोरखेड़ा थानाधिकारी अजीत बागडोलिया के अनुसार, पड़ोसियों ने युवक के खिलाफ एक लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में पुलिस टीम युवक को पकड़ने उसके घर पहुंची थी।थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर युवक खुद को नाबालिग बता रहा था। उसने पुलिस के साथ थाने चलने से इनकार कर दिया और कार्रवाई का वीडियो बनाने लगा। इसी दौरान यह घटना हुई।
पुलिस का कहना- मामले में केस दर्ज, जांच जारी
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में एएसआई युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं, जबकि युवक अपनी बहन के घर में मौजूद होने और मां के आने की बात कह रहा है।थानाधिकारी अजीत बागडोलिया ने बताया कि लड़की से छेड़छाड़ के मामले में केस दर्ज है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में जांच जारी होने की बात कही गई है।

