अमृत देवासी हत्याकांड: 3 साल बाद भी पुलिस के हाथ खाली, वीडियो में जाने मां और 80 वर्षीय नानी 7 दिन से भूख हड़ताल पर
जिले के चर्चित अमृत देवासी हत्याकांड में करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे का इंतजार खत्म नहीं हुआ है। न्याय की मांग को लेकर मृतक की मां रतन देवासी और उनकी 80 वर्षीय नानी पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी हैं। परिजनों ने सोमवार को जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
अमृत देवासी हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा है। परिजनों का कहना है कि घटना को करीब तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मामले का खुलासा नहीं हुआ है और आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी है। इसी से नाराज होकर मृतक की मां और बुजुर्ग नानी ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है।परिजनों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवा लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
सात दिन से जारी अनशन, जनप्रतिनिधियों से लगाई गुहार
लगातार सात दिनों से भूख हड़ताल कर रहे परिवार ने देवासी समाज सहित सर्व समाज के लोगों से इस न्याय की लड़ाई में आगे आने और सहयोग करने की अपील की है। इसके साथ ही राज्य सरकार में मंत्री ओटाराम देवासी और रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी से भी व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया है।परिजनों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे मामले में प्रभावी कार्रवाई करवाएं, दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में पहल करें और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में मदद करें।
फोन पर मिला था गिरफ्तारी का भरोसा
मृतक की मां रतन देवासी के अनुसार, अनशन के दौरान जालोर विधायक एवं मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और मंत्री ओटाराम देवासी ने उनसे फोन पर बातचीत की थी। बातचीत के दौरान आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया गया था।हालांकि, परिजनों का कहना है कि एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद उन्हें किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। इससे परिवार में निराशा बढ़ती जा रही है।
धरनास्थल पर नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी
परिजनों ने आरोप लगाया कि सात दिनों से भूख हड़ताल जारी रहने के बावजूद कोई जनप्रतिनिधि या जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध लेने धरनास्थल पर नहीं पहुंचा। परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे मामले में हस्तक्षेप कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करें।फिलहाल पीड़ित परिवार की मांग है कि अमृत देवासी हत्याकांड का जल्द खुलासा हो, आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच में कब तक ठोस प्रगति होती है।

