Samachar Nama
×

एअर इंडिया की फ्लाइट लेट होने पर भड़के सांसद हनुमान बेनीवाल, वीडियो में बोले- 'उड़ानों की अव्यवस्था पर सरकार मौन'

v

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को एअर इंडिया की जयपुर-दिल्ली उड़ान में देरी को लेकर केंद्र सरकार और विमानन व्यवस्था पर सवाल उठाए। संसद के मानसून सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो रहे बेनीवाल की फ्लाइट निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 20 मिनट की देरी से रवाना हुई, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

जानकारी के अनुसार, बेनीवाल को सोमवार सुबह संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले दिल्ली पहुंचकर विपक्षी सांसदों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करनी थी। इसके लिए उन्होंने एअर इंडिया की जयपुर-दिल्ली उड़ान AI 1834 से यात्रा करनी थी।यह उड़ान सुबह 8:50 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकी। बाद में विमान ने करीब 10:10 बजे जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी। फ्लाइट में हुई देरी के कारण बेनीवाल समय पर दिल्ली नहीं पहुंच सके।

X पर सरकार और एयरलाइन पर साधा निशाना

फ्लाइट में देरी से नाराज सांसद हनुमान बेनीवाल ने X पर लिखा कि देशभर में उड़ानों में लगातार हो रही देरी और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू इस गंभीर समस्या पर मौन हैं।उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार का एयरलाइंस के संचालन और उनकी समयबद्धता पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है। उन्होंने सरकार से विमानन क्षेत्र में जवाबदेही तय करने और यात्रियों के समय का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।

एअर इंडिया पर भी उठाए सवाल

बेनीवाल ने अपने पोस्ट में एअर इंडिया को टैग करते हुए लिखा कि एयरलाइन की उड़ानों में अक्सर देरी होती है, लेकिन इसके बावजूद न तो कंपनी की जवाबदेही तय की जाती है और न ही व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।उन्होंने कहा कि यात्रियों का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और बार-बार उड़ानों में देरी से आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विमानन सेवाओं पर फिर उठे सवाल

हाल के महीनों में विभिन्न एयरलाइंस की उड़ानों में देरी और संचालन संबंधी समस्याओं को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में सांसद बेनीवाल की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर देश की विमानन सेवाओं की समयबद्धता और जवाबदेही पर बहस छेड़ दी है।फिलहाल एअर इंडिया की ओर से इस विशेष उड़ान में हुई देरी के कारणों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, बेनीवाल की टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जहां कई यात्रियों ने भी उड़ानों में देरी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए हैं।

Share this story

Tags