स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार भेजने की साजिश नाकाम, वीडियो में जाने बीकानेर में 50 करोड़ की हेरोइन समेत हथियार बरामद
स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रोन के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया है। बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन 'शॉक वेव' के तहत बड़ी मात्रा में हेरोइन, विदेशी हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 10 किलो अफगान मार्का हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन, 100 कारतूस और एक बाइक जब्त की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने तस्कर वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से सीमा क्षेत्र में गिराई गई थी। आरोपी ने वहां से नशीले पदार्थ और हथियार उठाकर आगे सप्लाई करने की तैयारी की थी।
पुलिस के अनुसार, सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और मादक पदार्थ भेजने की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत खुफिया इनपुट के आधार पर खाजूवाला इलाके में कार्रवाई की गई और तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।जांच में सामने आया है कि यह खेप किसी बड़े तस्करी सिंडिकेट से जुड़ी हो सकती है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों को भी नामजद किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पाकिस्तान से भेजी गई यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं। साथ ही ड्रोन के इस्तेमाल, सीमा क्षेत्र में खेप गिराने की जगह और तस्करों के नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजस्थान सहित सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देश विरोधी गतिविधियों और सीमा पार से होने वाली तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।

