दिल्ली में NSUI प्रदर्शन के बाद बस में महिला पुलिसकर्मी और कांग्रेस नेता रितु बराला भिड़ीं, बाल खींचे और चले लात-घूंसे; वीडियो वायरल
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को हुए NSUI के प्रदर्शन के बाद विवाद खड़ा हो गया। प्रदर्शन के दौरान NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच बस में मारपीट हो गई। घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पुलिस के व्यवहार पर नाराजगी जताई है।
डिटेन करने के बाद बस में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस रितु बराला को हिरासत में लेकर बस में ले जा रही थी। इसी दौरान बस में रितु बराला और महिला पुलिसकर्मी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी।
वीडियो में बाल खींचते और हाथापाई करते दिखीं दोनों
सामने आए वीडियो में महिला पुलिसकर्मी और रितु बराला एक-दूसरे के बाल खींचती और हाथापाई करती दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी ने रितु बराला के बाल खींचे और लात-घूंसे मारे। इसके जवाब में रितु बराला ने भी महिला पुलिसकर्मी के बाल खींचे। बस में उस समय प्रदर्शनकारी और पुरुष पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। दोनों के बीच काफी देर तक हाथापाई होती रही। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
कांग्रेस नेताओं ने जताया रोष
घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए। कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर ने घटना का वीडियो साझा करते हुए रितु बराला के साहस और संघर्ष की सराहना की। उन्होंने लिखा, “खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी।” साथ ही उन्होंने रितु बराला के हौसले को सलाम किया। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने गुंडों जैसा व्यवहार किया और इसे हत्या के प्रयास से कम नहीं बताया। हालांकि, यह उनका आरोप है; घटना की पूरी परिस्थितियों और दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
रितु बराला और महिला पुलिसकर्मी के बीच हुई मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। वहीं, घटना में दोनों के बीच मारपीट की शुरुआत कैसे हुई और पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच और संबंधित पक्षों के बयानों से ही हो सकेगी।

