Samachar Nama
×

11वीं पास युवक 19.50 लाख में MBBS डिग्री खरीदकर बना डॉक्टर: फुटेज में देंखे दिल्ली के बड़े अस्पतालों में करता था इलाज, फर्जी डिग्री गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार

11वीं पास युवक 19.50 लाख में MBBS डिग्री खरीदकर बना डॉक्टर: फुटेज में देंखे दिल्ली के बड़े अस्पतालों में करता था इलाज, फर्जी डिग्री गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में फर्जी डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि गिरोह लाखों रुपए लेकर MBBS, MD (गायनेकोलॉजी) और DMRD जैसी मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध करवाता था। इतना ही नहीं, इन फर्जी डिग्रियों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाकर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी कराया जाता था।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि करौली का रहने वाला रामकिशोर महावर सिर्फ 11वीं पास है। उसने करीब 19.50 लाख रुपए देकर फर्जी मेडिकल डिग्री हासिल की और डॉक्टर बन गया। इसके बाद वह दिल्ली के बड़े अस्पतालों में जूनियर रेजिडेंट और डॉक्टर के रूप में काम करने लगा।

दिल्ली के अस्पतालों में करता था काम

एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, आरोपी रामकिशोर महावर फर्जी डिग्री के आधार पर दिल्ली के बड़े अस्पतालों में काम कर रहा था। वह अलग-अलग अस्पतालों में जूनियर रेजिडेंट और डॉक्टर के तौर पर सेवाएं दे चुका था। इसके अलावा वह कई अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी भी करता था।यानी जिस युवक ने मेडिकल की पढ़ाई तक पूरी नहीं की थी, वह फर्जी डिग्री और रजिस्ट्रेशन के सहारे मरीजों का इलाज करने के साथ सोनोग्राफी जैसी सेवाएं भी दे रहा था।

मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन से खुला मामला

राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने 6 अक्टूबर 2024 को जयपुर के अशोक नगर थाने में 8 लोगों के खिलाफ गलत तरीके से मेडिकल रजिस्ट्रेशन करवाने का मामला दर्ज कराया था। इस शिकायत में रामकिशोर महावर का नाम भी शामिल था।मामले की जांच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को सौंपी गई। जांच के दौरान फर्जी डिग्री और रजिस्ट्रेशन के पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आई।

दिल्ली से पकड़ा गया फर्जी डॉक्टर

SOG ने कार्रवाई करते हुए रामकिशोर महावर को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली। इसके आधार पर सत्यजीत पाणिग्रही निवासी दिगदा, पश्चिम मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), मनीष मांजी निवासी किला गेट, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) और खुर्रम तौफीक निवासी भादो, आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।

लाखों रुपए में बेचते थे मेडिकल डिग्रियां

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग मेडिकल डिग्रियां लाखों रुपए में उपलब्ध करवाते थे। इनमें MBBS, MD (गायनेकोलॉजी) और DMRD जैसी डिग्रियां शामिल थीं। गिरोह का तरीका केवल फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाने और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने की व्यवस्था भी की जाती थी।SOG अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी डिग्रियों के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। इस मामले ने मेडिकल डिग्रियों की सत्यापन प्रक्रिया और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this story

Tags