जयपुर में युवक की संदिग्ध मौत का एक महीने बाद खुला राज, वीडियो में जाने दो दोस्तों पर हत्या का आरोप, तलाई में फेंका शव
जयपुर में करीब एक महीने पहले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोप है कि युवक को काम दिलाने के बहाने उसके दो दोस्त अपने साथ ले गए और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को तलाई के पानी में फेंककर फरार हो गए। मामले में चाकसू थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सोमवार दोपहर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कोटखावदा थाना क्षेत्र के गांव राडोली निवासी कृष्ण से जुड़ा है। कृष्ण हलवाई का काम करता था। उसके भाई गेंदीलाल ने कोर्ट में परिवाद पेश कर हत्या का मामला दर्ज करवाने की मांग की थी। कोर्ट के आदेश के बाद चाकसू थाना पुलिस ने अब हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
कई-कई दिनों तक घर से चला जाता था कृष्ण
परिजनों के मुताबिक कृष्ण काम के सिलसिले में कई दिनों तक घर से बाहर चला जाता था। वह मोबाइल फोन नहीं रखता था, जिसके कारण परिवार के लोगों का उससे आसानी से संपर्क भी नहीं हो पाता था। इसी वजह से उसके घर से बाहर जाने के बाद परिजन कई बार उससे संपर्क नहीं कर पाते थे।28 अगस्त की सुबह निमोडिया में एक तलाई के पानी में कृष्ण का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
29 अगस्त को हुआ पोस्टमार्टम
पुलिस ने 29 अगस्त को कृष्ण के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उस समय युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे।अब मृतक के भाई गेंदीलाल ने आरोप लगाया है कि कृष्ण को उसके दो दोस्त काम के बहाने अपने साथ लेकर गए थे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर कृष्ण की हत्या की और वारदात के बाद शव को तलाई के पानी में फेंक दिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
कोर्ट के आदेश पर हत्या का केस दर्ज
परिजनों की ओर से मामले में हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर चाकसू थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ, मृतक की गतिविधियों और उसके साथ आखिरी बार मौजूद लोगों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कृष्ण की मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

