अजमेर के केसरगंज में ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, आधे घंटे तक गूंजते रहे धमाके
शहर के केसरगंज स्थित बाजे वाली गली में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। घनी आबादी वाले इलाके में लगी इस आग से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं और करीब आधे घंटे तक धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे हाई वोल्टेज के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ। बताया जा रहा है कि पंकज ऑटोमोबाइल की दुकान के ऊपर लगे बिजली के तारों में अचानक चिंगारी भड़की, जिसने कुछ ही पलों में आग का रूप ले लिया। देखते ही देखते आग दुकान के अंदर रखे ऑटो पार्ट्स और ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई।
धमाकों से दहला इलाका
दुकान में मौजूद टायर, ऑयल कैन और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग और भी भयानक हो गई। इस दौरान लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं और आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
घनी आबादी वाली संकरी गली होने के कारण आग बुझाने में भी शुरुआती दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल की मशक्कत
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
बड़ा हादसा टला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच शुरू कर दी गई है और शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और हाई वोल्टेज की समस्या के समाधान की मांग की है।
केसरगंज की बाजे वाली गली में हुई इस घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा उपायों की जरूरत को रेखांकित कर दिया है।

