जयपुर में शराब पार्टी बनी फायरिंग का मैदान, फुटेज में देंखे दोस्तों के विवाद में चली गोली, कार में धंसी बुलेट
राजस्थान की राजधानी जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। सभ्यता फार्म के पास स्थित लक्की ढाबे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही दोस्त की कार पर गोली चला दी। राहत की बात यह रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि कार में जा धंसी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया।
पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद
दौलतपुरा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित राजेंद्र मीणा, निवासी दौलतपुरा, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह अपने दोस्त आयरन मीणा और अन्य साथियों के साथ सभ्यता फार्म के पास स्थित लक्की ढाबे पर पार्टी कर रहा था।इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक रूप ले बैठा।
कार पर चलाई गोली
पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आयरन मीणा और उसके साथियों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसकी कार में जाकर लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय कार के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।गनीमत रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
वारदात सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंगलवार सुबह एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर फायरिंग से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध तथा घटना के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।

