Samachar Nama
×

जयपुर में फर्जी क्रिप्टो करेंसी के नाम पर 87 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार; वीडियो में जाने निवेशकों को देते थे 15% मासिक मुनाफे का लालच

जयपुर में फर्जी क्रिप्टो करेंसी के नाम पर 87 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार; वीडियो में जाने निवेशकों को देते थे 15% मासिक मुनाफे का लालच

जयपुर में फर्जी क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस थाना जयपुर ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निवेशकों को हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा देकर लाखों रुपए निवेश करवाए थे। इसके लिए उन्होंने Flinty Coin के नाम से फर्जी क्रिप्टो करेंसी तैयार की थी। साथ ही निवेशकों को अपने जाल में फंसाने के लिए Flinty.live नाम से वेबसाइट और मोबाइल एप्लीकेशन भी बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने निवेशकों को शुरुआत में अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। लोगों का विश्वास जीतने के लिए वे निवेश की गई रकम पर कुछ समय तक मुनाफे के नाम पर पैसे भी लौटाते थे। इससे निवेशकों को लगता था कि उनकी रकम सुरक्षित है और उन्हें वादे के मुताबिक कमाई हो रही है। जब निवेशकों का भरोसा बढ़ गया तो आरोपियों ने उनसे बड़ी रकम निवेश करवा ली। इसी तरीके से परिवादी से करीब 87 लाख रुपए की ठगी की गई।

शुरुआत में लौटाते थे मुनाफे की रकम

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी के लिए सुनियोजित तरीका अपनाया था। वे लोगों को क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर हर महीने 10 से 15 प्रतिशत तक रिटर्न देने का लालच देते थे। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए फर्जी वेबसाइट और एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया जाता था। शुरुआत में कुछ रकम मुनाफे के रूप में वापस देकर निवेशकों का विश्वास मजबूत किया जाता था।इसके बाद जब लोग बड़ी रकम निवेश कर देते थे तो उन्हें वास्तविक मुनाफा मिलना बंद हो जाता था। इस तरह आरोपियों ने निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपए ऐंठ लिए। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका और ठगी की रकम के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।

सेंट्रल जेल से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम कांदेल निवासी सामोद और मोहित कलोया निवासी कालाडेरा, जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जयपुर की सेंट्रल जेल से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उनसे ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

ठगी की रकम से कराई एक करोड़ की एफडी, फिर खरीदी मर्सिडीज

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ठगी से मिली रकम का इस्तेमाल संपत्ति और महंगी गाड़ी खरीदने में किया। उन्होंने करीब एक करोड़ रुपए की सावधि जमा यानी एफडी करवाई थी। कुछ समय बाद आरोपियों ने इसी एफडी को गिरवी रखकर बैंक से कर्ज भी लिया। इसके बाद कर्ज की रकम से मर्सिडीज कार खरीदी गई।हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मर्सिडीज गाड़ी जब्त कर ली थी। अब पुलिस ठगी से जुटाई गई रकम और उससे बनाई गई संपत्तियों का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी क्रिप्टो करेंसी के जरिए आरोपियों ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्रिप्टो करेंसी या किसी अन्य निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें। कम समय में 10 से 15 प्रतिशत मासिक मुनाफा देने के दावों से सावधान रहें और बिना जांच-पड़ताल किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर अपनी मेहनत की कमाई निवेश न करें।

Share this story

Tags