Samachar Nama
×

जयपुर में 78 गांवों को अब मिलेंगी शहर जैसी सुविधाएं, वीडियो में देखे  
 

अब राजधानी के शहरी विकास को लेकर एक अहम फैसला लिया गया है। राज्य सरकार ने जयपुर नगर निगम ग्रेटर एवं हेरिटेज की सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस स्वीकृति के बाद अब जयपुर नगर निगम क्षेत्र में तीन उपखण्डों के 78 नये गांव जुड़ गये हैं। इसके साथ ही करीब 30 वर्षों में पहली बार नगर निगम सीमा का विस्तार किया गया है, जो जयपुर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

हाल ही में जयपुर जिला निर्वाचन शाखा ने 80 गांवों को नगर निगम क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार कर स्वायत्त शासन विभाग के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा था। शहरी विकास मंत्री के साथ विचार-विमर्श के बाद केवल 78 गांवों को इसमें शामिल करने का निर्णय लिया गया।

नगर निगम सीमा विस्तार के साथ ही जयपुर नगर निगम ग्रेटर एवं हेरिटेज के 250 वार्डों का पुनर्गठन कर 150 नये वार्ड बनाये गये हैं। खास बात यह है कि इस बार दोनों निगमों में अलग-अलग मेयर नहीं होंगे, बल्कि दोनों के लिए एक ही मेयर चुना जाएगा। इसके अलावा, सभी वार्डों की सीमाओं का पुनः निर्धारण किया गया है तथा आम जनता से 17 अप्रैल तक सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।

आपको बता दें कि जयपुर नगर निगम का गठन वर्ष 1994 में हुआ था, जब इसे जयपुर नगर परिषद से अपग्रेड किया गया था। उस समय 70 वार्ड बनाये गये थे। वर्ष 2004 में पहली बार जिले का पुनर्गठन किया गया और वार्डों की संख्या 70 से बढ़ाकर 77 कर दी गई। इसके बाद वर्ष 2014 में वार्डों को पुनः 91 में संगठित किया गया, लेकिन निगम के विस्तार में कोई विस्तार नहीं किया गया।

वर्ष 2019 में तत्कालीन गहलोत सरकार ने जयपुर नगर निगम को दो भागों में बांटकर नगर निगम ग्रेटर और नगर निगम हेरिटेज बनाया था। उस समय ग्रेटर में 150 और हेरिटेज में 100 वार्ड बनाए गए थे, लेकिन तब भी सीमा विस्तार नहीं किया गया था। अब इस विस्तार के क्रियान्वयन से शहरी क्षेत्र में विकास की संभावनाएं और अधिक बढ़ जाएंगी।

पुनर्गठन में सबसे अधिक वार्ड विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में बनाए जाने प्रस्तावित हैं, जबकि सबसे कम वार्ड आमेर विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं। नई निगम सीमाओं और वार्डों के गठन से जयपुर में नगर निगम व्यवस्था और मजबूत होगी।

Share this story

Tags