पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के पत्थर प्रतिमा इलाके में सोमवार रात गैस सिलेंडर विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, एक घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुंदरबन जिले के एसपी कोटेश्वर राव के अनुसार, यह दुर्घटना रात 9 बजे पाथर प्रतिमा ब्लॉक के धोलाघाट गांव में हुई। सभी शव मिल गये हैं। मृतक एक ही परिवार के हैं।शुरुआती जांच में पुलिस ने पाया कि दो गैस सिलेंडर फट गए, जिससे घर में रखे पटाखे जल गए और आग तेजी से फैल गई। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घर में अवैध पटाखा बनाने का कारोबार तो नहीं चल रहा था।
बचाव कार्य पूरा, पुलिस जांच में जुटी, पुलिस ने बताया- आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थिति अब नियंत्रण में है। आग पर काबू पा लिया गया है। बचाव अभियान पूरा हो गया है। इस क्षेत्र को फिलहाल घेर लिया गया है। जांच जारी है।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस घर में यह दुर्घटना हुई, वहां कई वर्षों से पटाखे बनाने का काम होता रहा था। सोमवार शाम को एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। बानिक परिवार में कुल 11 सदस्य रहते थे। उनमें से 4 अभी भी लापता हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी थी। पश्चिम बंगाल पुलिस जांच के लिए मंगलवार सुबह दुर्घटना स्थल पर पहुंची।