Samachar Nama
×

सुबह 10 बजे तक 16.23% मतदान, कई बूथों पर हंगामा; वीडियो में जाने नेताओं ने डाला वोट

सुबह 10 बजे तक 16.23% मतदान, कई बूथों पर हंगामा; वीडियो में जाने नेताओं ने डाला वोट

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक 16.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आ रही हैं।अब तक सबसे ज्यादा मतदान वार्ड नंबर 60 में 27.18 प्रतिशत हुआ है। इसके अलावा वार्ड 133 में 23.04 प्रतिशत और वार्ड 131 में 23.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

कई बूथों पर विवाद और हंगामा

मतदान शुरू होने के साथ ही कुछ जगहों पर विवाद की स्थिति भी बनी। वार्ड नंबर-114 के केसरियों की धर्मशाला में बनाए गए बूथ पर सुबह मतदान शुरू होते ही विवाद हो गया। हालांकि, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की।वहीं वार्ड नंबर-27 से भाजपा प्रत्याशी का एक वीडियो चर्चा में आया, जिसमें वह अपने पक्ष में वोट की अपील करते हुए एक बुजुर्ग मतदाता के पैर पकड़ते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

कांग्रेस एजेंट नहीं बैठने पर हंगामा

जयपुर के वार्ड नंबर-26 स्थित मंगलम सिटी गवर्मेंट स्कूल बूथ पर कांग्रेस के एजेंट के नहीं बैठने को लेकर हंगामा हो गया। कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई और मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।इसके अलावा वार्ड नंबर-113 के कांवटिया का खुर्रा स्थित अग्रवाल धर्मशाला मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन खराब होने के बाद मतदाताओं ने नाराजगी जताई। मशीन में खराबी के चलते कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ, जिसके बाद लोगों ने हंगामा किया।

कई बड़े नेताओं ने किया मतदान

जयपुर नगर निगम चुनाव में आम मतदाताओं के साथ-साथ कई बड़े नेताओं ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया समेत कई नेता मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला।नेताओं ने मतदान के बाद लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

150 वार्डों में हो रहा मुकाबला

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में हो रहे चुनाव को लेकर भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ईवीएम से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए भी टीमें सक्रिय हैं।सुबह के शुरुआती घंटों में मतदान प्रतिशत कम रहने के बाद अब धीरे-धीरे मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद शहर की नई स्थानीय सरकार की तस्वीर साफ होगी।

Share this story

Tags