राजसमंद: कोरोना के खिलाफ उदयपुर के आर्टिस्ट की अनूठी पहल:पारंपरिक पेंटिंग के किरदारों के लगाए फेस मास्क, ताकि इंसान भी समझे “2 गज दूरी मास्क है जरूरी”
शहर के जाने-माने चित्रकार कैलाश जीनगर अब अपनी अनोखी पेंटिंग के माध्यम से शहरवासियों को जागरूक करने में जुटे हैं।उदयपुर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बाद अब जनता को जागरूक करने के लिए कलाकार भी कोरोना के खिलाफ जंग में सड़कों पर उतर आए हैं। जिसमें जीनगर ने वैक्सीन, मास्क और 2 गज दूरी को जरूरी बताया है। ताकि बढ़ते संक्रमण पर समय रहते अंकुश लग पाए और बे-पटरी हुई जिंदगी फिर से पटरी पर आ पाए।
मास्क ही जीवन है…
उदयपुर के मशहूर चित्रकार कैलाश जीनगर ने बताया कि कोरोना महामारी के बाद मास्क जीवन का एक हिस्सा बन गया है। ऐसे में मैंने चित्रों के मास्क लगाने शुरू कर दिए। ताकि जनता जागरूक हो और फेस मास्क का उपयोग करें। लेकिन अब भी कुछ लोग लापरवाही बरत मास्क नहीं लगाते हैं।
जीनगर ने बताया कि पिछले कुछ वक्त से हालात पूरी तरह से बिगड़ चुके हैं। पर्यटकों से आबाद रहने वाला झीलों का शहर उदयपुर वीरान और सुनसान है। जिससे उदयपुर के कलाकारों की आर्थिक स्थिति बद से बदतर हो गई है। यही वजह है कि अब जनता को जागरूक करने के लिए मैं सड़कों पर उतर पेंटिंग बना रहा हूं।

