लुधियाना में महिला इंस्पेक्टर का आरोप- होटल बुलाकर सब इंस्पेक्टर ने किया रेप, न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का दावा
पंजाब के लुधियाना में एक महिला पुलिस अधिकारी ने अपने ही विभाग के एक सब इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला इंस्पेक्टर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि सब इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह ने उसे होटल में बुलाकर रेप किया, उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाए और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। महिला इंस्पेक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया कि आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। उसने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर आरोपी ने तीन बार उसका अबॉर्शन करवाया।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
महिला इंस्पेक्टर के अनुसार, साल 2023 में उसकी आरोपी सब इंस्पेक्टर से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता आगे बढ़ने लगा।पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे मुल्लांपुर मिलने के लिए बुलाया। वहां एक होटल में उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। महिला इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया कि इसी हालत में उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया गया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप
शिकायत में महिला इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना के बाद उसकी अश्लील वीडियो और फोटो बना लीं। इसके बाद वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा।पीड़िता ने कहा कि आरोपी की हरकतों से वह मानसिक रूप पूरी तरह टूट गई थी। लंबे समय तक वह डर और दबाव में रही, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर मामले की शिकायत पुलिस से की।
आरोपी की मां पर भी लगाए आरोप
महिला इंस्पेक्टर ने अपनी शिकायत में आरोपी की मां का भी जिक्र किया है। उसने बताया कि जब वह परेशान होकर आरोपी की मां के पास पहुंची और रो-रोकर पूरी बात बताई, तो उसने अपने बेटे का पक्ष लिया।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी की मां ने मामले को दबाने की कोशिश की और कहा कि पुलिस के पास जाने या शोर मचाने की जरूरत नहीं है। उसने दोनों की शादी करवाने का भरोसा भी दिया था।
पुलिस जांच में जुटी
महिला इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।मामला पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ होने के कारण इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी पक्ष की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।महिला अधिकारी द्वारा अपने ही विभाग के कर्मचारी पर लगाए गए इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा तेज हो गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

