नीले ड्रम में लाश किसकी? 36 घंटे में ही खुल गई पोल... 'लुधियाना हत्याकांड' में 4 गिरफ्तार

पंजाब के लुधियाना के शेरपुर इलाके में 36 घंटे पहले नीले रंग के ड्रम में एक शव मिला था। पुलिस ने अब इस रहस्यमयी हत्याकांड से पर्दा उठा दिया है। इस मामले में एक महिला आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में दो नाबालिग लड़के भी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लुधियाना के भारती कॉलोनी गली नंबर 5 निवासी मनोज उर्फ राजू के रूप में हुई है। उसका शव नीले रंग के ड्रम में मिला था, जिसे खाली प्लॉट में फेंका गया था।
उसके शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। शराब के नशे में किया गया था हमला पुलिस जांच में पता चला है कि घटना वाली रात सभी आरोपी नशे में थे। उसी हालत में आरोपियों ने मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी काफी डर गए। उसने रात को मनोज के शव को अपने कमरे में ही रहने दिया।
मौत के बाद शव को नीले रंग के ड्रम में रख दिया
इसके बाद अगली सुबह मौका देखकर आरोपियों ने मनोज के शव को रस्सी से बांधकर नीले रंग के ड्रम में भर दिया। नीले रंग के ड्रम को ई-रिक्शा से शेरपुर में खाली पड़े एक खाली प्लॉट में फेंक दिया। लोगों ने नीले रंग के ड्रम की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रम को खोला तो उसमें से एक शव निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा ई-रिक्शा चालक
इसके बाद मामले की जांच के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी करणवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। जांच में सेफ सिटी प्रोजेक्ट के कैमरों का इस्तेमाल किया गया। फुटेज देखने पर पुलिस को एक ई-रिक्शा नजर आया, जिसमें कुछ लोग भारी भरकम नीले रंग का ड्रम लेकर जाते नजर आए। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक रोहित को हिरासत में ले लिया।
ई-रिक्शा चालक ने आरोपियों की पोल खोली
पुलिस पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें फागू प्रसाद, उषा देवी, नीरज कुमार और सीटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य आरोपी जयवीर और विशाल नाबालिग हैं। उन्हें किशोर न्याय अधिनियम के तहत संबंधित न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली मकसद क्या था। अभी तक झगड़े की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस टीम हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।